
एत्मादपुर। नेशनल हाईवे स्थित बुढ़िया के ताल के पास शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे मधुर कोल्ड स्टोर की बिल्डिंग में अचानक आग लग गई। आग लगते ही धुएं के गुबार आसमान में काले बादलों की तरह छा गए, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते हाईवे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी, लेकिन जब तक दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचतीं, तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। मौके पर मौजूद लोगों ने बाल्टी और समर के जरिए खुद ही आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि कोल्ड स्टोर फिलहाल प्रयोग में नहीं था और अंदर थर्माकोल भरा हुआ था, जिससे आग तेजी से फैल गई। गनीमत रही कि उस समय परिसर खाली था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
सूचना पर 112 नंबर पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच में जुट गई है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।