
उत्तर प्रदेश में आगामी पंचायत चुनाव को लेकर बड़ी तैयारी शुरू हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग अब त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के जरिए कराने की योजना पर काम कर रहा है। यदि यह प्रस्ताव लागू होता है, तो पहली बार ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत चुनाव EVM से कराए जाएंगे।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, चुनाव प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, तेज और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है। आयोग द्वारा तकनीकी और प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों की समीक्षा की जा रही है।
PCS शेरी उप निर्वाचन आयुक्त, राज्य निर्वाचन आयोग उत्तर प्रदेश ने बताया कि पंचायत चुनाव में EVM के उपयोग को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं और संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है।
अगर यह व्यवस्था लागू होती है, तो मतगणना प्रक्रिया भी पहले की तुलना में काफी तेज हो सकती है और चुनाव परिणाम कम समय में घोषित किए जा सकेंगे। फिलहाल आयोग की ओर से अंतिम निर्णय और आधिकारिक घोषणा का इंतजार किया जा रहा है।