फूलबाबा आश्रम में शुरू हुई श्रीराम कथा, कलश और पोथी यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

फूलबाबा आश्रम में शुरू हुई श्रीराम कथा, कलश और पोथी यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
गोला खीरी। नगर स्थित फूलबाबा आश्रम में शनिवार से श्रीराम कथा का शुभारंभ हो गया। कथा का वाचन अंजनी शरण महाराज के मुखारविंद से किया जा रहा है। कथा आरंभ होने से पहले भव्य कलश एवं पोथी यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कलश यात्रा में नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू सहित सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर जय श्रीराम के उद्घोष के बीच यात्रा में सहभागिता की। यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
यात्रा के दौरान श्रद्धा, आस्था और धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला। भगवा ध्वजों और भजन-कीर्तन के बीच निकली शोभायात्रा में संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पूरा क्षेत्र राममय और भक्तिमय वातावरण में डूबा नजर आया।
श्रीराम कथा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में लोग कथा श्रवण के लिए फूलबाबा आश्रम पहुंच रहे हैं। आयोजन समिति के अनुसार आगामी दिनों में भी विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।