
निघासन, खीरी। तराई क्षेत्र में बाढ़ की मार झेल रहे पुरैना, सेमरा पुरवा समेत कई गांवों के ग्रामीण सोमवार को राशन किट की मांग को लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि बाढ़ के कारण गांवों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है और कई परिवारों के सामने भोजन का संकट खड़ा हो गया है। उनका आरोप है कि अब तक पर्याप्त राहत सामग्री नहीं पहुंच सकी है।
ग्रामीणों के मुताबिक बाढ़ का पानी चारों ओर भरा होने के कारण आवागमन प्रभावित है। रोजमर्रा की जरूरतों का सामान जुटाना भी मुश्किल हो गया है। ऐसे में राहत सामग्री के वितरण में देरी से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है।
ग्रामीणों ने एसडीएम के समक्ष अपनी समस्याएं रखते हुए बाढ़ प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द राशन किट उपलब्ध कराने की मांग की। एसडीएम ने आश्वासन दिया कि बुधवार को बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों के बीच राशन किट का वितरण कराया जाएगा। आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीण वापस लौट गए।
ग्रामीणों ने कहा कि यदि बुधवार को राशन किट का वितरण नहीं हुआ तो पुरैना, सेमरा पुरवा समेत अन्य बाढ़ प्रभावित गांवों के लोग एकजुट होकर तहसील परिसर पहुंचेंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से बाढ़ की स्थिति को देखते हुए राहत कार्यों में तेजी लाने और जरूरतमंद परिवारों तक खाद्य सामग्री पहुंचाने की मांग की है।