दिल्ली में मानसून से निपटने के लिए सरकार और नगर निगम साथ-साथ

अमर भारती : दिल्ली नगर निगम ने हर साल की तरह इस बार भी बारिश के मौसम से निपटने की पूरी तैयारी कर ली है। दिल्ली नगर निगम के मेयर अवतार सिंह ने कुछ दिन पहले इसके लिए ऑपरेशन मॉनसून बैठक का आयोजन किया। इस बैठक में एक दर्जन से ज्यादा विभागों के अधिकारी शामिल हुए थे।

दरअसल मॉनसून के दौरान होने वाली परेशानियों से निपटने के लिए दिल्ली नगर निगम ने दिल्ली सरकार के बाढ़ नियंत्रण और सिंचाई विभाग, पीडब्ल्यूडी विभाग, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, उत्तरी रेलवे और डीएसआईडीसी के अधिकारियों के साथ बैठक की। वैसे ये आम बात है कि दिल्ली में हर साल मॉनसून के समय काफी जलजमाव होता है। ऐसे में कई किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लग जाता है। जिससे लोगों को जमकर परेशानियां होती हैं। इस बार मॉनसून से पहले दिल्ली नगर निगम और दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ऐसे स्पॉट्स की सूची बनाई है जहां पर जल जमाव होने की आशंका है।

वहीं दूसरी ओर दिल्ली नगर निगम ने एक बार फिर से दिल्ली सरकार पर आरोप लगाते हुए दावा किया कि मॉनसून से पहले दिल्ली नगर निगम ने अपने हिस्से की सभी तैयारियां पूरी कर ली है। लेकिन दिल्ली सरकार के अधीन आने वाले विभागों की तैयारियां अभी भी अधूरी हैं। उत्तरी दिल्ली नगर निगम के मेयर अवतार सिंह ने आरोप लगाया कि अधिकतर बैठकों में दिल्ली सरकार की ओर से कोई प्रतिनिधि नहीं आता है।

गौरतलब है कि अब ये देखना होगा कि क्या एक बार फिर से मॉनसून में दिल्ली डूबेगी, या फिर सरकार और नगर निगम आपस में मिल कर इस समस्या का समाधान निकालेंगे। अब यह तो आने वाले दिनों में स्पष्ट रूप से सामने आ जाएगा।