लखनऊ के हिमालयन कोल्ड स्टोरेज की आग पर  पाया गया काबू, बड़ा हादसा टला

लखनऊ। राजधानी के चिनहट क्षेत्र स्थित लखनऊ-अयोध्या हाईवे किनारे बने हिमालयन कोल्ड स्टोरेज में रविवार सुबह करीब 6:30 बजे लगी भीषण आग पर करीब 12 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने पूरी तरह काबू पा लिया। इस दौरान 15 दमकल गाड़ियां और दो हाइड्रोलिक मशीनें लगातार आग बुझाने में जुटी रहीं। राहत की बात यह रही कि इस भीषण अग्निकांड में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

आग बुझाने के दौरान एक समय ऐसा भी आया जब राहत अभियान के बीच आग दोबारा तेजी से भड़क उठी, जिससे दमकल कर्मियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी। आग से उठता धुएं का विशाल गुबार करीब चार किलोमीटर दूर तक दिखाई देता रहा। आग की तीव्रता को देखते हुए प्रशासन ने कोल्ड स्टोरेज के पास स्थित दयाल रेजीडेंसी के करीब 50 घरों को एहतियातन खाली करा दिया था।

जानकारी के अनुसार, करीब 35 वर्ष पुराने इस कोल्ड स्टोरेज में हल्दी, मिर्च और अन्य किराना सामान के अलावा लकड़ी और बुरादा भी बड़ी मात्रा में रखा था। मिर्च-मसालों के जलने से उठे तीखे धुएं के कारण दमकल कर्मियों को अंदर जाने में भारी परेशानी हुई। खांसी, आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत के चलते कई बार उन्हें बाहर लौटना पड़ा। इसके बाद हाइड्रोलिक मशीनों और टिन शेड के ऊपर से पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया गया।

आग पूरी तरह बुझने के बाद दमकल विभाग और प्रशासन की टीमें मौके पर शीतलीकरण (कूलिंग) का कार्य कर रही हैं, ताकि दोबारा आग भड़कने की कोई संभावना न रहे। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। विशेषज्ञों की टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन और आग लगने के कारणों की जांच करेगी।