हांगकांग यूनिवर्सिटी से सीएमएस की छात्रा श्रेया बाजपेयी को 1.13 लाख अमेरिकी डॉलर की स्कॉलरशिप

लखनऊ। सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (सीएमएस) राजाजीपुरम कैंपस-1 की छात्रा श्रेया बाजपेयी ने अपनी शैक्षणिक प्रतिभा के दम पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्हें विश्व की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी ऑफ हांगकांग ने उच्च शिक्षा के लिए 1,13,300 अमेरिकी डॉलर (लगभग 97 लाख रुपये) की स्कॉलरशिप प्रदान की है। यह छात्रवृत्ति उनके चार वर्षीय उच्च शिक्षा कार्यक्रम के दौरान दी जाएगी।

इस उल्लेखनीय सफलता के साथ श्रेया ने लखनऊ सहित देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर सीएमएस की संस्थापक-निदेशक डॉ. भारती गांधी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए श्रेया को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सीएमएस के हेड कम्युनिकेशंस ऋषि खन्ना ने बताया कि श्रेया ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के समर्पित शिक्षकों और सीएमएस के शांत एवं प्रेरणादायी शैक्षणिक वातावरण को दिया है। उन्होंने बताया कि यूनिवर्सिटी ऑफ हांगकांग के अलावा श्रेया को यूनिवर्सिटी ऑफ बर्मिंघम, यूनिवर्सिटी ऑफ ब्रिस्टल, यूनिवर्सिटी ऑफ ग्लास्गो, यूनिवर्सिटी ऑफ नॉटिंघम, डीकिन यूनिवर्सिटी तथा यूनिवर्सिटी ऑफ वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया सहित ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया के कई प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों से भी उच्च शिक्षा के लिए प्रवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।

ऋषि खन्ना ने बताया कि हर वर्ष सीएमएस के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं विश्व के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में प्रवेश प्राप्त कर रहे हैं। इस वर्ष अब तक 100 से अधिक सीएमएस विद्यार्थियों को अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, जापान, सिंगापुर और जर्मनी जैसे देशों के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में छात्रवृत्ति के साथ प्रवेश मिल चुका है, जिससे लखनऊ का गौरव वैश्विक स्तर पर बढ़ा है।

उन्होंने बताया कि सीएमएस एसएटी (SAT) एवं एडवांस्ड प्लेसमेंट (AP) टेस्ट सेंटर भी है, जहां उत्तर प्रदेश तथा पड़ोसी राज्यों के विद्यार्थियों को विश्व के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में छात्रवृत्ति के साथ उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं।