लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने कहा कि महिला मोर्चा एक परिवार है और इसे संगठित रखना उनका प्रमुख दायित्व है।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व ने महिलाओं को एक सूत्र में जोड़ने की जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसका वह पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगी।
प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व ग्रहण करने के बाद रविवार को सरोज कुशवाहा ने पूर्वी मंडल-3 के विवेकानंद पुरी वार्ड स्थित बूथ संख्या 312 पर आयोजित प्रधानमंत्री ‘मन की बात’ के 135वें संस्करण का प्रसारण पूर्वी विधानसभा के विधायक ओपी श्रीवास्तव और मंडल अध्यक्ष रीना चौरसिया के साथ सुना। इस दौरान महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत और अभिनंदन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सरोज कुशवाहा ने कहा कि भाजपा की प्रत्येक महिला कार्यकर्ता उनके परिवार का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर महिला तक पहुंचाना महिला मोर्चा की प्राथमिकता होगी और इसके लिए सभी कार्यकर्ता पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।