
लखनऊ। यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन ने लखनऊ से मैजेस्टिक साउथर्न–मैसूर से कोयंबटूर हवाई टूर पैकेज की घोषणा की है। भारत सरकार के रेल मंत्रालय के अधीन केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम आईआरसीटीसी के क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा संचालित यह विशेष टूर पैकेज 7 रात और 8 दिन का होगा। यात्रा का संचालन 19 अगस्त 2026 से 26 अगस्त 2026 तक किया जाएगा। इस दौरान पर्यटकों को मैसूर, कूर्ग, ऊटी और कोयंबटूर के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।
फ्लाइट से यात्रा, तीन सितारा होटल में ठहरने और भोजन की रहेगी व्यवस्था
आईआरसीटीसी के इस पैकेज में यात्रियों के लिए लखनऊ से बैंगलोर तक तथा कोयंबटूर से लखनऊ तक हवाई यात्रा की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा पूरे टूर के दौरान तीन सितारा होटलों में ठहरने और भोजन की सुविधा भी शामिल रहेगी। यात्रा के दौरान बैंगलोर से मैसूर जाते समय श्रीरंगापट्टनम मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। मैसूर में मैसूर महल, वृंदावन गार्डन और चामुंडी मंदिर का भ्रमण कराया जाएगा।
वहीं कूर्ग में स्वर्ण मंदिर, दुबारे हाथी शिविर, भागमंडला मंदिर, अब्बे फॉल्स और ओंकारेश्वर स्वामी मंदिर दर्शनीय स्थलों में शामिल हैं। कूर्ग से ऊटी के रास्ते देवदार के जंगलों का प्राकृतिक नजारा देखने का अवसर मिलेगा। ऊटी में बोटैनिकल गार्डन, ऊटी झील, रोज गार्डन, चाय संग्रहालय और डोड्डाबेट्टा चोटी का भ्रमण कराया जाएगा। टूर के अंतिम चरण में कोयंबटूर स्थित विश्व प्रसिद्ध आदियोगी शिव प्रतिमा के दर्शन भी कराए जाएंगे।
क्या है पैकेज
आईआरसीटीसी ने इस टूर पैकेज के लिए अलग-अलग श्रेणियों के अनुसार शुल्क निर्धारित किया है। एक व्यक्ति के ठहरने पर पैकेज का शुल्क 73,000 रुपये प्रति व्यक्ति, दो व्यक्तियों के एक साथ ठहरने पर 53,000 रुपये प्रति व्यक्ति तथा तीन व्यक्तियों के एक साथ ठहरने पर 49,800 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है। वहीं माता-पिता के साथ यात्रा करने वाले बच्चों के लिए बेड सहित पैकेज का शुल्क 42,300 रुपये और बिना बेड के 34,800 रुपये निर्धारित किया गया है।