
लखनऊ। इस्कॉन लखनऊ में आयोजित किड्स समर कैंप का दूसरा दिन भी उत्साह, भक्ति और आनंद के वातावरण में संपन्न हुआ। यह विशेष समर कैंप टेम्पल प्रेसिडेंट His Grace Aparimay Shyam Prabhuji एवं उनकी पत्नी Her Grace Achintya Rupani Mataji के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। कैंप का उद्देश्य बच्चों को आध्यात्मिक संस्कारों, अनुशासन और भारतीय संस्कृति से जोड़ना है।
मंगल दर्शन और महामंत्र जप से हुई दिन की शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत श्रीश्री राधारमण बिहारी के मंगलमय दर्शन के साथ हुई। इसके बाद बच्चों ने श्रद्धा भाव से राधा-कृष्ण प्रणाम मंत्र का उच्चारण किया तथा हरे कृष्ण महामंत्र का सामूहिक जप किया। कैंप में बच्चों को भागवत गीता के श्लोकों का सही उच्चारण सिखाने के साथ उन्हें कंठस्थ कराने का अभ्यास भी कराया गया।
श्रीकृष्ण-सुदामा की कथा से मिला सच्ची मित्रता का संदेश
समर कैंप के दौरान बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की प्रेरणादायक कथा सुनाई गई। कथा के माध्यम से बच्चों को सच्ची मित्रता, निस्वार्थ प्रेम और विनम्रता का महत्व समझाया गया। साथ ही उन्हें यह भी बताया गया कि जीवन में अनुशासित और आध्यात्मिक दिनचर्या किस प्रकार व्यक्ति के व्यक्तित्व को बेहतर बनाती है।
आध्यात्मिक खेलों और गतिविधियों में बच्चों ने दिखाई उत्साहपूर्ण भागीदारी
कैंप में आयोजित विभिन्न आध्यात्मिक खेलों और मनोरंजक गतिविधियों में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे परिसर में बच्चों की ऊर्जा और उत्साह ने वातावरण को भक्तिमय और आनंदमय बना दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों ने प्रसादम् के रूप में स्वादिष्ट पाव भाजी और ठंडी बटरमिल्क का आनंद लिया।
भारतीय संस्कृति से जोड़ने का सुंदर प्रयास
यह किड्स समर कैंप बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ उन्हें भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों और नैतिक शिक्षा से जोड़ने का एक सार्थक और प्रेरणादायक प्रयास बनता जा रहा है।