पत्रकारों और भगवान श्रीराम पर अभद्र टिप्पणी से भड़का आक्रोश, गिरफ्तारी की मांग तेज


बाराबंकी के सूरतगंज क्षेत्र में पत्रकारों और भगवान श्रीराम पर कथित अभद्र टिप्पणी का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश ने रविवार को राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा को ज्ञापन सौंपकर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की।


एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष संतोष शुक्ला और जिला महामंत्री दीपक सिंह सरल द्वारा दिए गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि 8 मई को सूरतगंज क्षेत्र के एक दैनिक समाचार पत्र के पत्रकार सत्यवान पाल के मोबाइल पर जिला पंचायत तृतीय सूरतगंज प्रतिनिधि बलराज सिंह उर्फ बल्लू ने दूसरे व्यक्ति के मोबाइल से फोन कर पत्रकारों को भद्दी गालियां दीं और भगवान श्रीराम पर भी अभद्र टिप्पणी की। घटना के बाद पत्रकारों और सनातन धर्म के अनुयायियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
ज्ञापन में बताया गया कि 10 मई को रामनगर तहसील अध्यक्ष राजबहादुर वर्मा के नेतृत्व में पत्रकारों ने मोहम्मदपुर खाला कोतवाली पहुंचकर लिखित तहरीर दी थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया, लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी आरोपी के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे पत्रकार संगठनों में नाराजगी लगातार बढ़ रही है।
पत्रकारों ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि पत्रकारों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वालों पर 24 घंटे के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, लेकिन इस मामले में पुलिस की कार्यशैली सवालों के घेरे में है। संगठन पदाधिकारियों ने राज्यमंत्री से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिला अध्यक्ष संतोष शुक्ला, जिला महामंत्री दीपक सिंह सरल, जिला कोषाध्यक्ष रंजीत गुप्ता, तहसील अध्यक्ष राजबहादुर वर्मा, प्रेम नारायण सिंह, सत्यवान पाल, शिवम मिश्रा, बालेंद्र कुमार निडर, आशीष यादव, सत्य प्रकाश नाग, अमित कुमार, उमेश श्रीवास्तव, मोहम्मद वसीक, नीरज शुक्ला, धीरेन्द्र सिंह पटेल, रामकरन रावत, राजू गोस्वामी, धनंजय मिश्रा, रूपेश मिश्रा, मुकेश शुक्ला समेत बड़ी संख्या में पत्रकार और संगठन पदाधिकारी मौजूद रहे।