दरगाह की जमीन पर अवैध कब्जे और पेड़ कटान का आरोप, बाजारवासियों ने की कार्रवाई की मांग


खीरी। नगर पंचायत खीरी क्षेत्र में दरगाह की भूमि पर कथित अवैध कब्जे और पुराने बरगद के पेड़ को काटे जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में स्थानीय बाजारवासियों और दुकानदारों ने अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत खीरी को लिखित शिकायत सौंपकर जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार नगर पंचायत गेट के सामने स्थित हजरत शहीद मर्द रहमतुल्लाह अलैह की प्राचीन दरगाह की देखरेख वर्षों से स्थानीय लोग सामूहिक रूप से करते आ रहे हैं। आरोप है कि एक व्यक्ति द्वारा दरगाह परिसर की भूमि पर अवैध रूप से दुकानें बनाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे धार्मिक स्थल की भूमि पर कब्जे की आशंका उत्पन्न हो गई है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि करीब 15 दिन पूर्व दरगाह परिसर में स्थित लगभग 40 वर्ष पुराने बरगद के एक विशाल पेड़ को बिना अनुमति कटवा दिया गया। स्थानीय लोगों का दावा है कि पेड़ कटने से दरगाह परिसर की मजार और बाउंड्री को भी नुकसान पहुंचा है।
बाजारवासियों का आरोप है कि पहले बाउंड्री वॉल के निर्माण और मरम्मत के नाम पर लोगों से चंदा एकत्र किया गया था, लेकिन अब उसी स्थान पर दुकानों का निर्माण कराने की कोशिश की जा रही है। शिकायतकर्ताओं ने इसे लोगों के विश्वास के साथ छल बताया है।
स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि जब उन्होंने कथित अवैध निर्माण और पेड़ कटान का विरोध किया तो उन्हें धमकियां दी गईं। इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में नाराजगी व्याप्त है और मामले को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।
बाजारवासियों ने अधिशासी अधिकारी से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, कथित अवैध निर्माण को तत्काल रोका जाए तथा यदि आरोप सही पाए जाएं तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।
फिलहाल शिकायत मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन से मामले में जांच और आवश्यक कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।