रामलीला महोत्सव में नहीं होगी बिजली की आंखमिचोली, निर्बाध विद्युत आपूर्ति का भरोसा


कोसीकलां। श्री रामलीला महोत्सव को भव्य और दिव्य बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और दर्शकों को विद्युत आपूर्ति को लेकर किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए रामलीला संस्थान के पदाधिकारियों ने विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों से मुलाकात की। विभागीय अधिकारियों ने आयोजन के दौरान निर्बाध और सुचारु विद्युत आपूर्ति का भरोसा दिलाते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
श्री रामलीला संस्थान के संयोजक खगेंद्र ठाकुर उर्फ बॉबी, अध्यक्ष गिर्राज चौधरी, मोहन दत्त शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान रामलीला महोत्सव के आयोजन स्थल पर विद्युत आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था और अन्य जरूरी विद्युत व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
रामलीला संस्थान के पदाधिकारियों ने अधिकारियों से अनुरोध किया कि महोत्सव के दौरान विद्युत आपूर्ति लगातार बनी रहे, ताकि रामलीला देखने आने वाले श्रद्धालुओं और दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
अधिशाषी अभियंता सुरेंद्रपाल सिंह ने पदाधिकारियों को आश्वस्त किया कि रामलीला महोत्सव के दौरान विद्युत व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जाएगी। आयोजन के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं और दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभाग की ओर से हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
विद्युत विभाग के अधिकारियों के आश्वासन के बाद रामलीला संस्थान के पदाधिकारियों ने उनका आभार जताया। संस्थान के पदाधिकारियों ने कहा कि विभिन्न विभागों, संस्थाओं और नगरवासियों के सहयोग से इस वर्ष रामलीला महोत्सव को और अधिक भव्य, दिव्य एवं यादगार बनाने का प्रयास किया जा रहा है। महोत्सव के दौरान व्यवस्थाएं बेहतर रहें, इसके लिए संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है।