
अमेठी। जनपद अमेठी को मंगलवार को नए जिलाधिकारी के रूप में 2017 बैच के आईएएस अधिकारी शशांक चौधरी मिले। उन्होंने जिला कोषागार पहुंचकर विधिवत जिलाधिकारी अमेठी के पद का कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा जिले में संचालित प्रशासनिक कार्यों, विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी ली।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने अधिकारियों के साथ प्रारंभिक बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली, शासन की प्राथमिकताओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी, जवाबदेह और समयबद्ध तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और विकास कार्यों की प्रभावी निगरानी पर विशेष जोर दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता जनहित से जुड़े मामलों का समयबद्ध समाधान और सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन होना चाहिए।
कई महत्वपूर्ण पदों पर संभाल चुके हैं जिम्मेदारी
आईएएस शशांक चौधरी का प्रशासनिक अनुभव व्यापक रहा है। अमेठी के जिलाधिकारी का कार्यभार संभालने से पहले वे इन्वेस्ट यूपी एवं उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा), लखनऊ में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी के पद पर कार्यरत रहे हैं।
इसके अलावा वे नगर आयुक्त मथुरा-वृंदावन, मुख्य विकास अधिकारी मेरठ तथा ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अमरोहा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी जिम्मेदारियां निभा चुके हैं।
अधिकारियों ने किया स्वागत
कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ज्योति सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अमृता, वरिष्ठ कोषाधिकारी रामेंद्र कुमार और उप जिलाधिकारी गौरीगंज दिशा श्रीवास्तव सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने नवागत जिलाधिकारी का स्वागत किया और उन्हें जनपद की प्रशासनिक एवं विकासात्मक गतिविधियों से अवगत कराया।