श्री अलंकार ज्वेलर्स से सोने की चेन चोरी: सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा, तलाश में जुटी पुलिस।

​कासगंज।शहर के मुख्य बाजार स्थित बारहदुवारी के पास एक ज्वेलर्स की दुकान से सोने की चेन चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और प्रभारी निरीक्षक तत्काल मौके पर पहुंचे।

​ग्राहक बनकर आए थे चोर।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बारहदुवारी बाजार में वेदांत माहेश्वरी पुत्र विनोद माहेश्वरी की ‘श्री अलंकार ज्वेलर्स’ के नाम से दुकान है। मंगलवार शाम करीब 04:00 बजे एक महिला और एक पुरुष दुकान पर पहुंचे। उन्होंने दुकानदार से पुराना सोने का सामान बदलकर नया सामान लेने की बात कही।

​दुकानदार ने उन्हें विश्वास करते हुए सोने के विभिन्न आभूषण दिखाने शुरू कर दिए। इसी दौरान शातिर महिला और पुरुष ने चालाकी दिखाते हुए एक सोने की चेन चुपचाप अपने पास छिपा ली। कुछ देर बाद जब दुकानदारों ने सामान का मिलान किया, तो एक सोने की चेन गायब मिली।

​सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई करतूत।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली कासगंज के प्रभारी निरीक्षक जगदीश चंद्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सीसीटीवी फुटेज की जांच करने पर साफ दिखाई दिया कि उक्त महिला और पुरुष ने ही सोने की चेन अपने पास छिपाई है।

​पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से संदिग्धों के स्पष्ट फोटो प्राप्त कर लिए हैं, जिनके आधार पर दोनों की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि फुटेज के जरिए आरोपियों की सुरागकशी की जा रही है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई तेजी से प्रचलित है।