
लखनऊ। नवाबों का शहर लखनऊ हमेशा से फिल्म निर्माताओं की पहली पसंद रहा है। शहर की ऐतिहासिक इमारतें, नवाबी संस्कृति और खूबसूरत लोकेशन कई बॉलीवुड फिल्मों का अहम हिस्सा रही हैं। इसी कड़ी में पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल ने एक अनूठी पहल करते हुए लखनऊ क्षेत्र की विभिन्न प्रसिद्ध लोकेशनों पर फिल्माई गई बॉलीवुड फिल्मों का तीन घंटे का विशेष संकलन तैयार किया है। इस संकलन का प्रदर्शन लखनऊ परिक्षेत्र के बादशाहनगर, ऐशबाग, लखनऊ सिटी और डालीगंज रेलवे स्टेशनों पर शुरू कर दिया गया है।
यात्रियों को मिलेगी मनोरंजन के साथ स्थानीय विरासत की जानकारी
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य यात्रियों और आमजन को मनोरंजन उपलब्ध कराने के साथ-साथ लखनऊ की उन ऐतिहासिक और सांस्कृतिक लोकेशनों से परिचित कराना है, जहां अनेक चर्चित फिल्मों की शूटिंग की गई है। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयास से लोगों का लखनऊ की समृद्ध संस्कृति, इतिहास और विरासत के प्रति जुड़ाव और अधिक मजबूत होगा।

एलईडी स्क्रीन पर दिखाई जा रही हैं कई चर्चित बॉलीवुड फिल्में
रेलवे स्टेशनों पर स्थापित एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रदर्शित किए जा रहे इस विशेष संकलन में कई लोकप्रिय और चर्चित बॉलीवुड फिल्मों के दृश्य शामिल किए गए हैं। इनमें शतरंज के खिलाड़ी, उमराव जान, गदर: एक प्रेम कथा, तनु वेड्स मनु, बंटी और बबली, जॉली एलएलबी 2 तथा रेड 2 जैसी प्रमुख फिल्में शामिल हैं।
वहीं इन फिल्मों के माध्यम से यात्रियों को न केवल मनोरंजन मिलेगा, बल्कि वे लखनऊ की उन खास जगहों को भी पहचान सकेंगे, जिन्होंने बड़े पर्दे पर अपनी अलग पहचान बनाई है।