31 जुलाई को होगा लखनऊ विश्वविद्यालय का 69वां दीक्षांत समारोह: नया ग्रीष्मकालीन ड्रेस कोड लागू

लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के 69वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर कुलपति प्रो. जेपी सैनी की अध्यक्षता में प्रशासनिक भवन के ‘मंथन कक्ष’ में बैठक आयोजित हुई। बैठक में सभी समितियों के अध्यक्षों व संयोजकों ने भाग लिया। इस दौरान 31 जुलाई 2026 को दीक्षांत समारोह आयोजित किए जाने का प्रस्ताव तय किया गया।

बैठक में दीक्षांत समारोह और शोभायात्रा के लिए नया ग्रीष्मकालीन भारतीय ड्रेस कोड भी मंजूर किया गया। पुरुषों के लिए सफेद कुर्ता-पायजामा के साथ महरून हाफ जैकेट तथा महिलाओं के लिए क्रीम रंग की साड़ी के साथ महरून हाफ जैकेट निर्धारित की गई है।

भारतीय संस्कृति को प्रतिबिंबित करने वाला नया परिधान

लखनऊ विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. जेपी सैनी ने कहा कि पूर्व का परिधान शीतकालीन मौसम के अनुरूप था, जबकि अब समारोह गर्मियों में आयोजित हो रहा है। शिक्षकों और अतिथियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऋतु-अनुकूल एवं भारतीय संस्कृति को प्रतिबिंबित करने वाला नया परिधान तय किया गया है।

वहीं बैठक में विभिन्न समितियों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कुलपति ने सभी समितियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि 31 जुलाई का दीक्षांत समारोह भव्य और सफल बनाया जा सके।