प्रशासन के आश्वासन पर खत्म हुआ धरना, 21 जुलाई तक कार्रवाई नहीं हुई तो 22 जुलाई से फिर होगा आंदोलन

बाराबंकी। यूपी के जनपद बाराबंकी में विभिन्न लंबित मांगों और समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर बुधवार को गन्ना संस्थान परिसर में आंदोलनकारियों ने धरना-प्रदर्शन किया। यह आंदोलन 22 जून 2026 को जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन के क्रम में आयोजित किया गया। प्रदर्शन के दौरान आंदोलनकारियों ने प्रशासन से लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण कराने और कथित दोषी अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई।

धरने की सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार नवाबगंज मौके पर पहुंचे और आंदोलनकारियों से वार्ता की। उन्होंने प्रशासन की ओर से समस्याओं के समाधान के लिए समय देने का अनुरोध किया तथा आश्वस्त किया कि संबंधित मांगों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की ओर से मिले इस आश्वासन के बाद आंदोलनकारियों ने फिलहाल अपना धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

21 जुलाई तक कार्रवाई नहीं हुई तो डीएम कार्यालय पर होगा आंदोलन

धरना समाप्त करने से पहले आंदोलनकारियों ने प्रशासन को एक लिखित ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में स्पष्ट चेतावनी दी गई कि यदि 21 जुलाई 2026 तक दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की गई और उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित नहीं हुआ, तो 22 जुलाई 2026 से डीएम कार्यालय परिसर में दोबारा आंदोलन शुरू किया जाएगा। साथ ही कहा गया कि यदि समय रहते स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो उसके लिए संबंधित विभाग और शासन-प्रशासन पूरी तरह जिम्मेदार होंगे।

ये रहे मौजूद

धरना-प्रदर्शन में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डी.एनएस त्यागी, प्रदेश प्रभारी मायाराम यादव, वरिष्ठ जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार यादव, जिला सचिव मंसाराम यादव, रामशरण रावत, अरविंद कुमार यादव, रामरूप रावत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।