लखनऊ एयरपोर्ट पर यात्री के बैग से तमंचा बरामद: पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, जांच में जुटी पुलिस

लखनऊ। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट लखनऊ पर सुरक्षा जांच के दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। एयरपोर्ट पर बैग स्क्रीनिंग के दौरान दुबई जाने वाले एक यात्री के सामान से अवैध देशी तमंचा बरामद किया गया। इस संबंध में सुपरवाइजर आदर्श मिश्रा की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया।

पुलिस के मुताबिक महेश कुमार चौहान (22 वर्ष) निवासी ग्राम चांदपुर लखपतराय, पोस्ट बल्लीपुर, थाना मनकापुर, जिला गोंडा, दुबई जाने के लिए एयरपोर्ट पर मौजूद था। सुबह लगभग 4 बजे उसकी फ्लाइट से पहले जब बैग की स्क्रीनिंग की गई, तो उसमें एक 12 बोर का अवैध देशी तमंचा पाया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी इस संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।

आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज

वहीं मामले की सूचना मिलते ही थाना सरोजनीनगर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर 154/2026 के तहत धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। वहीं पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ अब तक कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है। हालांकि, उसके मूल जनपद और अन्य संबंधित थाना क्षेत्रों से विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है ताकि उसके आपराधिक रिकॉर्ड की पूरी जांच की जा सके।

सरोजनीनगर पुलिस टीम की कार्रवाई

इस पूरी कार्रवाई को थाना सरोजनीनगर, कमिश्नरेट लखनऊ की पुलिस टीम ने अंजाम दिया। बरामदगी में एक अवैध देशी तमंचा (12 बोर) शामिल है। पुलिस का कहना है कि एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सतर्क है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है।