
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा अध्यक्ष मायावती ने कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई भारी बढ़ोतरी को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा कि देश में कमर्शियल सिलेंडर की किल्लत के बीच उसकी कीमत में एकमुश्त 993 रुपये की वृद्धि की गई है, जिसकी खबरें सभी मीडिया में प्रमुखता से दिखाई जा रही हैं। इस अचानक बढ़ोतरी से आम जनजीवन पर पड़ने वाले असर को लेकर लोगों में बेचैनी बढ़ रही है।
बीएसपी प्रमुख मायावती ने यह भी आशंका जताई कि आने वाले समय में रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल समेत अन्य पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में भी बढ़ोतरी हो सकती है। उन्होंने कहा कि इस स्थिति के पीछे वास्तविक कारण चाहे अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच संभावित युद्ध हो या कोई अन्य अंतरराष्ट्रीय परिस्थिति, लेकिन सरकार को जनहित को प्राथमिकता देनी चाहिए।
चुनाव के दौरान कीमतें नियंत्रित रखने की नीति जारी रखने की मांग
बसपा सुप्रीमो मायावती ने सरकार की उस नीति का जिक्र किया जिसमें विधानसभा चुनावों के दौरान पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों को काफी हद तक नियंत्रित रखा गया था। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भी व्यापक जनहित और जनकल्याण को ध्यान में रखते हुए इस नीति को जारी रखना देशहित में उचित होगा।
दिल्ली में कीमत तीन हजार के पार, गरीब और मध्यम वर्ग पर असर
पूर्व सीएम और बसपा अध्यक्ष मायावती ने कहा कि नई दरों के लागू होने के बाद राजधानी दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर की कीमत लगभग तीन हजार रुपये से अधिक हो जाएगी। उन्होंने सरकार को सलाह दी कि पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में इस तरह की वृद्धि से पहले से महंगाई से जूझ रहे गरीब और मध्यम वर्ग पर पड़ने वाले प्रभाव का गंभीरता से आकलन किया जाए और उसी के अनुसार नीतियां बनाई जाएं।