लखनऊ में लाखों की लूट का इनामी आरोपी गिरफ्तार: पुलिस ने 80 हजार रुपये किए बरामद

लखनऊ। लखनऊ कमिश्नरेट सर्विलांस टीम और थाना विभूतिखण्ड पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लाखों रुपये की लूट की वारदात में शामिल 50 हजार रुपये के इनामी वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 80 हजार रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, यह मामला 5 अप्रैल का है, जब गुजरात निवासी निकुल सिंह महेंद्र सिंह जडेजा ने थाना विभूतिखण्ड में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि होटल सेवी ग्राण्ड के सामने स्कॉर्पियो सवार अज्ञात बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर कैश से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए। इस घटना के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

पहले भी हो चुकी हैं गिरफ्तारियां, लाखों रुपये बरामद

मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 10 अप्रैल 2026 को पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 45 लाख रुपये बरामद किए थे। इसके बाद 25 अप्रैल 2026 को एक अन्य इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर 2 लाख 10 हजार रुपये बरामद किए गए थे। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी।

हनीमैन चौराहे के पास से दबोचा गया आरोपी

इसी क्रम में 5 मई 2026 को पुलिस टीम ने हनीमैन चौराहे के आगे रेलवे लाइन की ओर जाने वाले रास्ते से गिरोह के एक और सदस्य सलमान खान (27) को गिरफ्तार किया। वह चिनहट क्षेत्र का निवासी है और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से 80 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।

ऐसे देते थे वारदात को अंजाम

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर कंपनियों के कलेक्शन एजेंटों पर नजर रखते थे। जैसे ही एजेंट पैसा लेकर कंपनी में जमा करने निकलता, आरोपी मौका देखकर उसे धक्का देकर कैश से भरा बैग छीन लेते थे। इसके बाद बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो गाड़ी से फरार हो जाते थे। लूटे गए पैसे आपस में बांटकर निजी खर्चों और शौक पूरे करते थे।

आपराधिक इतिहास और आगे की कार्रवाई

गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ लखनऊ के विभिन्न थानों में पहले से भी मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। वहीं, अन्य फरार आरोपियों की तलाश और शेष रकम की बरामदगी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।

पुलिस का बयान

क्राइम ब्रांच एडीसीपी किरन यादव ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। लखनऊ पुलिस संगठित अपराध के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है और जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।