
लखनऊ में जेठ माह के दौरान आयोजित होने वाले भंडारों की परंपरा के तहत प्रेस क्लब में यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन द्वारा भंडारे का आयोजन किया गया। इस मौके पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि जेठ माह में हनुमान जी की कृपा से भंडारों का आयोजन राजधानी की एक अनूठी परंपरा बन चुका है। उन्होंने कहा कि लखनऊ समेत आसपास के जनपदों में श्रद्धालु बजरंगबली के नाम पर भंडारे आयोजित करते हैं, जहां बड़ी संख्या में लोग प्रसाद ग्रहण करते हैं और इससे सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा मिलता है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के आयोजन भाईचारे को मजबूत करते हैं और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। कार्यक्रम में मौजूद कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि बजरंगबली का स्मरण कर किए गए कार्य देशहित और सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि भंडारे में श्रद्धालुओं की भागीदारी आयोजकों और समाज के बीच संबंधों को और प्रगाढ़ बनाती है।
अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री संजय प्रसाद ने कहा कि ऐसे आयोजन लोगों को एकता के सूत्र में पिरोते हैं, जहां बिना किसी भेदभाव के सभी एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण करते हैं। सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि राजधानी में एक साथ कई स्थानों पर भंडारों का आयोजन सामाजिक एकता का संदेश देता है और हमारी सांस्कृतिक विरासत को सशक्त बनाता है।
मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने कहा कि यह परंपरा लंबे समय से चली आ रही है और लखनऊ की विशिष्ट पहचान बन चुकी है। उन्होंने अपील की कि ऐसे आयोजनों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए।
कार्यक्रम में यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष हसीब सिद्दीकी, यूपी प्रेस क्लब के अध्यक्ष रविंद्र सिंह, लखनऊ इकाई के अध्यक्ष शिवशरण सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने अतिथियों और श्रद्धालुओं का स्वागत किया।
इस अवसर पर मृत्युंजय कुमार, मुकेश शर्मा, राजेन्द्र चौधरी, अरविंद सिंह गोप, अशोक सिंह, अनिल दुबे समेत विभिन्न दलों के नेताओं, अधिकारियों, पत्रकारों और गणमान्य लोगों ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।