
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में गुरुवार को माध्यमिक, उच्च तकनीकी एवं मेडिकल कॉलेज संयुक्त महासभा के बैनर तले बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों ने आयुष बोर्ड कार्यालय का घेराव किया। अजय कुमार शर्मा के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में आयुष विभाग की कार्यशैली के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि आयुष बोर्ड लंबे समय से प्रभावी ढंग से कार्य नहीं कर रहा है, जिससे छात्रों और शिक्षण संस्थानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बोर्ड कार्यालय के भीतर जाने से रोक दिया, जिसके बाद कार्यालय के बाहर ही विरोध प्रदर्शन जारी रहा।
प्रदर्शनकारियों ने प्रमुख सचिव आयुष और बोर्ड के रजिस्ट्रार को तत्काल हटाने की मांग करते हुए कहा कि हाईकोर्ट के आदेशों का तत्काल पालन कराया जाए। साथ ही आयुष बोर्ड को शीघ्र पूर्ण रूप से क्रियाशील करने, लंबित परीक्षाएं जल्द कराने, छात्रवृत्ति से वंचित छात्रों को मुआवजा देने और बोर्ड के उपाध्यक्ष को तत्काल कार्यभार सौंपने की मांग भी उठाई।
महासभा ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने आयुष मंत्री से मामले में न्यायसंगत निर्णय लेने की मांग करते हुए कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं होता है तो मंत्री नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें।