जहरीली गैस बनी मौत का जाल: सेफ्टी टैंक में उतरे दो मजदूरों की दम घुटने से मौत, गांव में मातम

लखनऊ। राजधानी के माल थाना क्षेत्र स्थित नबी पनाह गांव में गुरुवार शाम दर्दनाक हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई। सेफ्टी टैंक की सफाई करने उतरे दोनों युवकों का दम घुट गया, जिससे मौके पर ही उनकी जान चली गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक रिंकू और राजेश नाम के दो युवक सेफ्टी टैंक की सफाई करने के लिए अंदर उतरे थे। इसी दौरान टैंक में मौजूद जहरीली गैस की चपेट में आने से दोनों बेहोश हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। दोनों की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही माल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया। अस्पताल के बाहर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही।
मुख्यमंत्री ने भी घटना का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने मृतक सफाईकर्मियों के परिजनों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही उचित मुआवजा देने और पूरे हादसे की जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि बिना सुरक्षा उपकरणों के मजदूरों को टैंक में उतारा गया था। अगर सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता तो शायद यह हादसा टल सकता था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।