UP में लापरवाह डॉक्टरों पर गिरी गाज: डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कार्रवाई के दिए निर्देश

लखनऊ। प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य विभाग में लापरवाही और अनियमितताओं पर बड़ा एक्शन लिया है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने स्पष्ट कहा है कि जनसेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं अपर मुख्य सचिव को दोषी डॉक्टरों और अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
पंजीकरण में गड़बड़ी पर कार्रवाई

अम्बेडकरनगर के सीएमओ डॉ. संजय कुमार शैवाल और डिप्टी सीएमओ डॉ. संजय वर्मा पर निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम और अल्ट्रासाउंड सेंटरों के पंजीकरण व नवीनीकरण में अनियमितता के आरोप सही पाए गए। जांच समिति की रिपोर्ट के बाद दोनों पर कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। हरदोई के संडीला चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनोज कुमार सिंह पर निजी अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई न करने के आरोप सही पाए गए। उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश हुए हैं।

वहीं लंबे समय से बिना सूचना अनुपस्थित चल रहे पांच डॉक्टरों की सेवाएं समाप्त करने के निर्देश दिए गए हैं। इनमें गोरखपुर की डॉ. अलकनन्दा, कुशीनगर के डॉ. रामजी भरद्वाज, बलरामपुर के डॉ. सौरभ सिंह, अमेठी के डॉ. विकलेश कुमार शर्मा और औरैया की डॉ. मोनिका वर्मा शामिल हैं। प्रयागराज मेजा सीएचसी के अधीक्षक डॉ. शमीम अख्तर पर प्रशासनिक लापरवाही के आरोप में विभागीय कार्रवाई और तबादले के आदेश दिए गए हैं।

अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश

सुल्तानपुर के लम्भुआ सीएचसी में महिला उपचार में लापरवाही के मामले में डॉ. अनिल कुमार सिंह, डॉ. धर्मराज और फार्मासिस्ट अवधनारायण पर कार्रवाई होगी। मथुरा जिला चिकित्सालय के डॉ. देवेन्द्र कुमार और डॉ. विकास मिश्रा पर गलत मेडिकोलीगल रिपोर्ट बनाने के आरोप में अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

कई अन्य डॉक्टर भी कार्रवाई के दायरे में

बलरामपुर, वाराणसी, बदायूं, खीरी और संभल समेत कई जिलों के डॉक्टरों पर कर्तव्यों में लापरवाही बरतने के आरोप में विभागीय कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं। झांसी के मोठ ट्रॉमा सेंटर के आर्थोसर्जन डॉ. पवन साहू पर प्राइवेट प्रैक्टिस के आरोप सही पाए जाने पर दो वेतनवृद्धियां रोक दी गईं। इसके अलावा डॉ. संतोष सिंह, डॉ. निशा बुन्देला और डॉ. लालमणि की भी वेतनवृद्धियां रोकी गई हैं। डॉ. लालमणि पर प्रसूताओं से वसूली और अभद्रता के आरोप लगे थे।

स्टेट हेल्थ एजेंसी में तैनात डॉ. आदित्य पाण्डेय पर सहकर्मी से अभद्र व्यवहार के आरोप में प्रतिनियुक्ति समाप्त कर मूल तैनाती स्थल भेजने के आदेश दिए गए हैं। वहीं बदायूं मेडिकल कॉलेज के डॉ. रितुज अग्रवाल पर महिला चिकित्साधिकारी से अभद्रता के मामले में विभागीय कार्रवाई होगी।