तेज आंधी में सड़क पर गिरा विशाल आम का पेड़, ब्रेड वाहन क्षतिग्रस्त; घंटों बाधित रहा आवागमन

रिपोर्ट : चैतन्य त्रिपाठी


परियर (उन्नाव)। शनिवार सुबह अचानक बदले मौसम और तेज आंधी-तूफान ने क्षेत्र में जनजीवन को प्रभावित कर दिया। परियर-सफीपुर मार्ग पर सैदापुर मोड़ के पास एक विशाल आम का पेड़ जड़ से उखड़कर सड़क पर गिर गया। इसी दौरान परियर की ओर से सफीपुर जा रहा एक ब्रेड वाहन (पिकअप) पेड़ की चपेट में आ गया, जिससे वाहन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह अचानक तेज हवाओं के साथ आंधी शुरू हुई और कुछ ही देर में सैदापुर मोड़ के पास सड़क किनारे खड़ा वर्षों पुराना आम का पेड़ मुख्य मार्ग पर गिर पड़ा। उसी समय वहां से गुजर रहा ब्रेड वाहन इसकी चपेट में आ गया। चालक ने समय रहते वाहन को नियंत्रित करने का प्रयास किया, जिससे गंभीर दुर्घटना टल गई।
पेड़ गिरने के बाद परियर-सफीपुर मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मार्ग अवरुद्ध होने से परियर मंडी आने-जाने वाले किसानों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालात को देखते हुए कई वाहनों को जमालनगर-मरौदा मार्ग से डायवर्ट किया गया।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार तेज आंधी के कारण क्षेत्र में कई स्थानों पर पेड़ों की डालियां भी टूटकर गिरीं, जिससे यातायात और बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। सूचना मिलने पर स्थानीय लोग और संबंधित विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा सड़क पर गिरे पेड़ को हटाने का कार्य शुरू किया। कई घंटों की मशक्कत के बाद मार्ग को साफ कर यातायात बहाल कराया गया।
घटना में किसी के हताहत न होने से लोगों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बरसात और आंधी-तूफान के मौसम को देखते हुए सड़क किनारे जर्जर और खतरनाक पेड़ों का सर्वे कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।