
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के प्रदेश मुख्यालय में पार्टी की ऑल इंडिया स्तर की विशेष बैठक शुरू हो गई है। बैठक की अध्यक्षता बसपा प्रमुख मायावती कर रही हैं। इसमें पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ विभिन्न राज्यों के बसपा अध्यक्ष भी शामिल हुए हैं।
बैठक में देश के बदलते राजनीतिक हालात के साथ आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर चर्चा होने की बात कही जा रही है। खास तौर पर उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में होने वाले आगामी चुनावों को लेकर पार्टी की रणनीति पर मंथन किया जाएगा।
उम्मीदवारों के चयन और संगठन की तैयारियों पर चर्चा
बैठक में विधानसभा चुनावों के लिए संभावित उम्मीदवारों के चयन, संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर पार्टी की तैयारियों की समीक्षा किए जाने की जानकारी है। विभिन्न राज्यों से संगठनात्मक तैयारियों की प्रगति रिपोर्ट भी बैठक में पेश की जा सकती है।
पार्टी प्रमुख मायावती आगामी चुनावों को लेकर पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगी। बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने और चुनावी तैयारियों को गति देने से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
ईशान आनंद को लेकर भी चर्चा
बैठक के दौरान ईशान आनंद की भूमिका को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा होने की संभावना है। ईशान आनंद को इससे पहले बसपा में मुख्य सेक्टर प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन बाद में उन्हें इस जिम्मेदारी से हटा दिया गया था।
अब बैठक में उन्हें दोबारा कोई अहम जिम्मेदारी दिए जाने को लेकर चर्चा की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इस संबंध में अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व की ओर से लिया जाएगा।
बैठक में होने वाले फैसलों और पार्टी की आगामी रणनीति पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।