पूजा के दौरान खूनी खेल: पत्नी-पुजारियों और बेटे समेत पांच की मौत, आठ घंटे चला पुलिस ऑपरेशन

रिपोर्ट -दुर्गेश तिवारी
आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में मंगलवार शाम पूजा-पाठ को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में खूनी वारदात में बदल गया। घर में पूजा करा रही पत्नी और दो पुजारियों की गोली मारकर हत्या के बाद आरोपी अरविंद सिंह अपने तीन बच्चों को लेकर एक कमरे में बंद हो गया। कई घंटे तक चले पुलिस ऑपरेशन के दौरान एक बच्चे को भी गोली लग गई, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। बाद में पुलिस कार्रवाई में आरोपी अरविंद सिंह की भी मौत हो गई। घटना में कुल पांच लोगों की जान चली गई।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे घर को घेरकर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए अभियान शुरू किया गया। पुलिस ने आरोपी से लगातार बातचीत कर उसे आत्मसमर्पण के लिए समझाने का प्रयास किया।
पूजा के दौरान पंडितों से हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, अरविंद सिंह की पत्नी बबीता घर में पूजा करा रही थी। पूजा के लिए पंडित महेंद्र पाठक और अखिलेश मिश्रा समेत पुजारी पहुंचे थे। इसी दौरान अरविंद घर पहुंचा और किसी बात को लेकर पुजारियों से उसका विवाद हो गया।
बताया जा रहा है कि आधार कार्ड मांगने को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते बढ़ गई। इसके बाद फायरिंग होने से बबीता और दोनों पुजारियों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
तीन बच्चों को लेकर कमरे में बंद हुआ आरोपी
पत्नी और दोनों पुजारियों की मौत के बाद आरोपी अरविंद सिंह अपने तीन बच्चों को लेकर घर के एक कमरे में बंद हो गया। पुलिस ने तत्काल इलाके की घेराबंदी कर दी। बच्चों की मौजूदगी के कारण पुलिस ने बेहद सावधानी बरतते हुए आरोपी से बातचीत शुरू की।
पुलिस की कोशिश थी कि बिना किसी नुकसान के आरोपी को बच्चों समेत बाहर निकाला जाए। कई घंटे तक पुलिस अधिकारी आरोपी को समझाते रहे। स्थिति को देखते हुए विशेष पुलिस टीमों को भी मौके पर तैनात किया गया।
एक बच्चे को भी लगी गोली, उपचार के दौरान मौत
ऑपरेशन के दौरान आरोपी के एक बच्चे को गोली लग गई। पुलिस ने घायल बच्चे और आरोपी को अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान बच्चे की मौत हो गई। वहीं आरोपी अरविंद सिंह की भी मौत हो गई।
अन्य बच्चों को पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बच्चों को सुरक्षित निकालना पुलिस के लिए पूरे ऑपरेशन के दौरान प्राथमिकता रहा।
करीब आठ घंटे चला पुलिस का ऑपरेशन
घटना के बाद पुलिस ने कई घंटे तक रेस्क्यू और ऑपरेशन चलाया। पुलिस के अनुसार, करीब आठ घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद आरोपी की मौत हो गई। पुलिस ने मौके से हथियार और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं।
फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। फायरिंग में इस्तेमाल हथियार, विवाद की वास्तविक वजह और गोलीबारी की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
गांव में भारी पुलिस बल तैनात
एक ही परिवार और पूजा में शामिल लोगों से जुड़ी इस सनसनीखेज वारदात के बाद शंभूपुर गांव में दहशत का माहौल है। गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद घटना से जुड़े सभी तथ्यों को स्पष्ट किया जाएगा।