जेठ की तपिश में सूखा पड़ा मिनी पाउंड, पानी को भटक रहे पशु-पक्षी

फतेहपुर सीकरी। भीषण गर्मी और जेठ माह की तपती दोपहर में स्मारक क्षेत्र स्थित डाक बंगले के नीचे जंगल में बनाया गया मिनी पाउंड खाली पड़ा हुआ है। पशु-पक्षियों के लिए बनाए गए इस जलस्रोत में पानी न होने से उन्हें प्यास बुझाने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, पुरातत्व विभाग द्वारा हर वर्ष इस मिनी पाउंड की सफाई कराकर उसमें पानी भरवाया जाता है, ताकि स्मारक क्षेत्र में विचरण करने वाले हजारों पशु-पक्षियों को पानी मिल सके और गर्मी में उन्हें राहत मिलती रहे। लेकिन इस वर्ष जेठ माह बीतने के बावजूद विभाग द्वारा अब तक पाउंड में पानी नहीं भरवाया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी के चलते पशु-पक्षियों की स्थिति दयनीय बनी हुई है। वहीं कुछ मॉर्निंग वॉकर्स द्वारा स्मारक क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर परिंडे लगाकर प्रतिदिन पानी और दाना डाला जा रहा है, जिससे पक्षियों को कुछ राहत मिल रही है।
इस संबंध में संरक्षण सहायक दिलीप सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और जल्द ही मिनी पाउंड की सफाई कराकर उसमें पानी भरवाया जाएगा।