
अमेठी में सपा विधायक महाराजी प्रजापति के आवास पर बीती रात हुए हंगामे और मारपीट के मामले में पुलिस ने सपा नेता जय सिंह प्रताप यादव समेत 12 नामजद और दो दर्जन से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घटना के बाद जिले में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, देर रात कई वाहनों से पहुंचे लोगों ने विधायक आवास पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। आरोप है कि आरोपितों ने घर में मौजूद लोगों के साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर विधायक के भतीजे की पिटाई कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई।

विधायक के बेटे अनुराग प्रजापति की तहरीर पर पुलिस ने जय सिंह प्रताप यादव समेत 12 नामजद तथा 24 से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। तहरीर में शेरबहादुर यादव, बृजेश यादव, बलराम यादव, अनुराग यादव, मनु पाल, विपिन यादव, राजेश यादव और शुभम यादव सहित अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है।

बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर किए गए एक कमेंट को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था, जिसके बाद मामला हिंसक हो गया। घटना के बाद विधायक आवास पर समर्थकों की भीड़ जुट गई और माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
विधायक के बेटे ने मुख्यमंत्री से न्याय की मांग करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव से आरोपितों को पार्टी से निष्कासित करने की अपील की है।
क्षेत्राधिकारी अमेठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।