मोहनलालगंज पुलिस की सतर्कता से टली बड़ी घटना: संदिग्ध अवस्था में मिले युवक को परिजनों से मिलाया

लखनऊ। राजधानी के थाना मोहनलालगंज पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में जनसुरक्षा, कानून व्यवस्था एवं मानव जीवन की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एक सराहनीय कार्य किया है। लगातार प्रभावी गश्त और सतर्क निगरानी के क्रम में 13 अप्रैल की रात को पुलिस टीम क्षेत्र में गस्त कर रही थी।

इसी दौरान लगभग साढ़े दस बजे गोपाल खेड़ा रेलवे क्रॉसिंग के पास एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में रेलवे पटरी पर चलता हुआ दिखाई दिया। संभावित खतरे को भांपते हुए पुलिस टीम ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए उस व्यक्ति को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, जिससे किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते टाल दिया गया।

यह है पूरा मामला

पूछताछ के दौरान यह सामने आया कि उक्त व्यक्ति मानसिक रूप से अस्वस्थ है और अपनी स्पष्ट पहचान बताने में असमर्थ है। पुलिस टीम ने अत्यंत संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए उससे संवाद स्थापित किया। काफी प्रयासों के बाद उस व्यक्ति ने एक मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया। उस नंबर पर संपर्क करने पर जानकारी मिली कि व्यक्ति का नाम राम हरि पुत्र जगदीश है, जो जटनगर, थाना शिवरोड, जनपद करौली (राजस्थान) का निवासी है। परिजनों ने बताया कि वह मानसिक रूप से बीमार है और लगभग 15 दिन पहले घर से लापता हो गया था, जिसकी वे लगातार तलाश कर रहे थे।

परिजनों ने जताया आभार, पुलिस की तत्परता की सराहना

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत परिजनों को सूचना देकर थाना मोहनलालगंज बुलाया और आवश्यक औपचारिकताओं के बाद व्यक्ति को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया। अपने लापता परिजन को सुरक्षित पाकर परिवारजनों ने मोहनलालगंज पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया और पुलिस की तत्परता व मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की।