
लखनऊ। नगर निगम लखनऊ द्वारा नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से महापौर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन 08 मई को नगर निगम मुख्यालय, लालबाग में किया जाएगा। सुबह 10 बजे से दोपहर 01 बजे तक आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में नगर निगम से संबंधित विभिन्न समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा। इसके साथ ही जनगणना 2027 के अंतर्गत शुरू होने वाली स्व-गणना प्रक्रिया को लेकर भी नागरिकों को जागरूक किया जाएगा।
विभिन्न विभागों की शिकायतों का होगा निस्तारण
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान गृहकर, जीआईएस सर्वे, सफाई व्यवस्था, जल निकासी, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट सहित नगर निगम की विभिन्न सेवाओं से जुड़ी शिकायतों का निस्तारण किया जाएगा। संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याएं सुनेंगे तथा उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करेंगे। नगर निगम प्रशासन द्वारा सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि वे समाधान दिवस में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें और प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करें।
जनगणना 2027 के लिए स्व-गणना अभियान 07 मई से
जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकानसूचीकरण अभियान (एचएलओ) के तहत उत्तर प्रदेश में घर-घर गणना कार्य 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक किया जाएगा। इससे पहले नागरिकों को स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की सुविधा प्रदान की गई है। उत्तर प्रदेश में स्व-गणना की प्रक्रिया 07 मई से 21 मई 2026 तक संचालित की जाएगी। इस पहल के अंतर्गत नागरिक जनगणना अधिकारी के घर आने से पहले स्वयं ऑनलाइन माध्यम से अपनी जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए भारत सरकार द्वारा आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in उपलब्ध कराया गया है।
15 से 20 मिनट में पूरी होगी प्रक्रिया
नगर निगम प्रशासन के अनुसार स्व-गणना पोर्टल अंग्रेजी, हिंदी सहित 14 क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध है। परिवार का कोई भी सदस्य लगभग 15 से 20 मिनट में यह प्रक्रिया पूरी कर सकता है। अंतिम सबमिशन के बाद “H” से शुरू होने वाली 11 अंकों की एक विशेष स्व-गणना आईडी (SE ID) जनरेट होगी, जिसे एसएमएस एवं ईमेल के माध्यम से साझा किया जाएगा।
यह आईडी जनगणना अधिकारियों के सत्यापन के दौरान आवश्यक होगी। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे समय रहते स्व-गणना प्रक्रिया पूरी कर इस महत्वपूर्ण अभियान में सहभागिता करें।
नगर निगम करेगा 08 मई को होगा जनगणना जागरूकता कार्यक्रम
जनगणना 2027 को लेकर नागरिकों को जागरूक करने हेतु 08 मई को नगर निगम मुख्यालय के सामने स्थित झंडी वाला पार्क में विशेष जनगणना जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल जी की अध्यक्षता में किया जाएगा।
इस अवसर पर नागरिकों को स्व-गणना प्रक्रिया, ऑनलाइन पोर्टल के उपयोग एवं जनगणना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग डिजिटल माध्यम से अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकें।