श्रावण मेला-2026 की तैयारियों का DM-SP ने किया निरीक्षण: सुरक्षा मानकों से समझौता नहीं होगा: डीएम

बाराबंकी। आगामी श्रीलोधेश्वर महादेव श्रावण मास मेला-2026 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में बुधवार को डीएम ईशान प्रताप सिंह और एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने महादेवा मंदिर परिसर का व्यापक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, निर्माण कार्यों, विद्युत आपूर्ति तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का स्थलीय जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि श्रावण मास मेले की सभी तैयारियां “सेफ्टी फर्स्ट” की अवधारणा के अनुरूप की जाएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर सुरक्षा मानकों से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने मंदिर परिसर में निर्माणाधीन कॉरिडोर के लिए लगाई गई सुरक्षा बैरिकेडिंग का निरीक्षण किया। बैरिकेडिंग पर्याप्त मजबूत न मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्यदायी संस्था सीएनडीएस के प्रतिनिधियों को श्रावण मास शुरू होने से पहले मजबूत एवं सुरक्षित बैरिकेडिंग लगाने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्य के दौरान निकला मलबा मंदिर परिसर में पड़े रहने पर भी उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और तत्काल मलबा हटाने तथा खोदे गए सभी गड्ढों की मजबूत फेंसिंग कर उन्हें पूरी तरह सुरक्षित करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना की आशंका न रहे।

विद्युत सुरक्षा ऑडिट और दुकानदारों को सुरक्षा प्रशिक्षण के निर्देश

डीएम ईशान प्रताप सिंह ने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार और उसके पूर्व रविवार को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही मेले के प्रारंभ होने से दो दिन पहले सभी दुकानों एवं अस्थायी विद्युत कनेक्शनों का अनिवार्य रूप से विद्युत सुरक्षा ऑडिट कराया जाए तथा सभी कमियों को समय रहते दूर किया जाए। उन्होंने उपजिलाधिकारी रामनगर और अग्निशमन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र में दुकान लगाने वाले सभी दुकानदारों के साथ बैठक कर उन्हें अग्नि सुरक्षा, विद्युत सुरक्षा, गैस सिलेंडर के सुरक्षित उपयोग, अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता और अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों के संबंध में विस्तृत जानकारी एवं प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए।

भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर

एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने कहा कि श्रावण मास मेले में श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों की सुरक्षा तथा सुगम आवागमन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, मजबूत बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी, प्रभावी यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन रिस्पांस व्यवस्था को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक संवेदनशील स्थल पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए तथा किसी भी सूचना पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण अनुशासन और समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में भगवान के दर्शन कर सके।

30 जुलाई से शुरू होगा श्रावण मेला, चार प्रमुख सोमवारी पर रहेगा विशेष प्रबंध

प्रशासन के अनुसार श्री लोधेश्वर महादेव श्रावण मास मेला-2026 का आयोजन 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक होगा। मेले की चार प्रमुख सोमवारी 2-3 अगस्त, 9-10 अगस्त, 16-17 अगस्त तथा 23-24 अगस्त को आयोजित होंगी। इसके अलावा भादों कजरी तीज (हरतालिका) मेला 13 एवं 14 सितंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। प्रत्येक सोमवार से एक दिन पूर्व रविवार की शाम से ही दूर-दराज़ से श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो जाता है, जिसके मद्देनज़र प्रशासन व्यापक सुरक्षा और व्यवस्थागत तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।

ये अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान एसडीएम रामनगर आकांक्षा गुप्ता, सीएमओ डॉ. रंजन गौतम, निवर्तमान विधायक रामनगर शरद अवस्थी, रिसीवर मंदिर, एएमए जिला पंचायत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।