
हरदोई जिले के लिए यह गौरव का क्षण रहा जब नई दिल्ली स्थित पूसा परिसर में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में माधौगंज किसान उत्पादक संगठन के डायरेक्टर प्रफुल्ल गोस्वामी ने देशभर के एफपीओ की ओर से प्रतिनिधित्व किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से घोषित ‘शक्ति की सप्त धारा’ के विजन को लेकर केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में यह विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस प्रतिष्ठित मंच से प्रफुल्ल गोस्वामी ने हरदोई के ग्रामीण नवाचारों, महिला सशक्तिकरण और वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ के संकल्प में एफपीओ की भूमिका का खाका प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के दौरान डायरेक्टर प्रफुल्ल गोस्वामी ने माधौगंज FPO के सफल मॉडल को राष्ट्रीय मंच पर साझा किया। उन्होंने बताया कि कैसे उनका एफपीओ हरदोई की ग्रामीण महिलाओं को मूंगफली के दानों की प्रोसेसिंग, वैल्यू एडिशन और हेल्दी फूड प्रोडक्ट्स तैयार करने से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बना रहा है। इस मॉडल के तहत महिलाओं को केवल उत्पादन तक सीमित न रखकर प्रोसेसिंग, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और ऑनलाइन मार्केट लिंकेज की पूरी वैल्यू चेन में बराबर का भागीदार बनाया जा रहा है, जिससे गांव के उत्पाद राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकें।
गांव में विकसित होगा ‘Village Agriculture Experience Centre’
मंच से अपने विचार रखते हुए प्रफुल्ल गोस्वामी ने FPO द्वारा शुरू की जा रही अभिनव पहल ‘विलेज एग्रीकल्चर एक्सपीरियंस सेंटर’ की परिकल्पना रखी। उन्होंने कहा कि आधुनिक कृषि तकनीक, मशीनरी और प्रसंस्करण के नवाचार केवल बड़े शहरों या प्रदर्शनियों तक सीमित नहीं रहने चाहिए। इस सेंटर के जरिए गांव के किसानों को एक ही छत के नीचे सभी आधुनिक तकनीकों को प्रत्यक्ष रूप से देखने, समझने और अपने खेतों में लागू करने का साझा मंच मिलेगा।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिलाई शपथ, 6 करोड़ लखपति दीदी का लक्ष्य
सम्मेलन के दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दोनों मंत्रालयों के अधिकारियों, प्रगतिशील किसानों, एफपीओ प्रतिनिधियों और लखपति दीदियों को ‘शक्ति की सप्त धारा’ की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि जन-केंद्रित नीतियों से कृषि और ग्रामीण भारत को मजबूत किया जाएगा। बैठक में देश भर में 6 करोड़ ‘लखपति दीदी’ तैयार करने, खाद्य प्रसंस्करण को रफ्तार देने और भारतीय कृषि उत्पादों के वैश्विक निर्यात को बढ़ाने के रोडमैप पर विस्तार से चर्चा हुई।