डिप्टी सीएम आवास के बाहर प्रदर्शन: स्टाइपेंड और भर्ती समेत कई मांगों को लेकर जुटे प्रदर्शनकारी, बृजेश पाठक ने दिया आश्वासन

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में मंगलवार को यूपी के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के आवास के बाहर अलग-अलग मांगों को लेकर कई संगठनों और अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन किया। नेशनल होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के दर्जनों आयुष छात्र-छात्राएं स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर डिप्टी सीएम आवास पहुंचे और जमकर नारेबाजी की। छात्रों का कहना था कि वर्ष 2011 से उनके स्टाइपेंड में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है, जबकि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच मौजूदा स्टाइपेंड में पढ़ाई और अन्य खर्चों का प्रबंधन करना मुश्किल हो रहा है।

प्रदर्शन कर रहे आयुष छात्र-छात्राओं के मुताबिक, उन्हें फिलहाल हर महीने महज 7,500 रुपये स्टाइपेंड दिया जा रहा है। छात्रों का कहना है कि उनके साथ पढ़ने वाले एमबीबीएस और बीडीएस डॉक्टरों के स्टाइपेंड में अब तक दो बार बढ़ोतरी की जा चुकी है, लेकिन आयुष छात्रों के स्टाइपेंड में लंबे समय से कोई संशोधन नहीं हुआ है। इसी को लेकर छात्रों ने सरकार से तत्काल स्टाइपेंड बढ़ाने और उन्हें अन्य चिकित्सा पाठ्यक्रमों के छात्रों के समान सुविधाएं देने की मांग की।

फार्मासिस्ट भर्ती अभ्यर्थियों ने भी उठाई आवाज

प्रदर्शन के दौरान यूपीएसएसएससी फार्मासिस्ट भर्ती के अभ्यर्थी भी डिप्टी सीएम आवास पहुंचे। अभ्यर्थियों ने 564 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के साथ ही पदों की संख्या बढ़ाने की मांग की। उनका कहना था कि लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को जल्द राहत दी जानी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से भर्ती प्रक्रिया को शीघ्र शुरू करने और रिक्त पदों की संख्या बढ़ाने की मांग रखी।

सिविल अस्पताल के आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने भी किया प्रदर्शन

वहीं, सिविल अस्पताल के आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने भी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर डिप्टी सीएम आवास के बाहर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने वेतन बढ़ाने समेत अन्य समस्याओं के समाधान की मांग की। अलग-अलग मांगों को लेकर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों के पहुंचने से डिप्टी सीएम आवास के बाहर काफी देर तक हलचल बनी रही।

प्रदर्शनकारियों से मिले डिप्टी सीएम

प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक खुद आवास के बाहर आए और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। उन्होंने अलग-अलग समूहों के प्रतिनिधियों की समस्याएं सुनीं और उनकी मांगों पर जल्द समाधान का आश्वासन दिया। डिप्टी सीएम के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने अपनी बात सरकार तक पहुंचने की उम्मीद जताई।

यूपीएसएसएससी अभ्यर्थी प्रवीण कुमार और जलेस कुमार यादव समेत कई प्रदर्शनकारी मौजूद रहे। अलग-अलग मांगों को लेकर हुए इस प्रदर्शन के चलते डिप्टी सीएम आवास के बाहर काफी देर तक लोगों की आवाजाही और गहमागहमी का माहौल बना रहा।