पुरी रथ यात्रा से पहले एयरटेल ने ओडिशा में मजबूत किया 5जी नेटवर्क: देढ़ हजार से अधिक नई साइट्स स्थापित

लखनऊ। भारत की अग्रणी दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनी भारती एयरटेल ने पुरी रथ यात्रा 2026 की तैयारियों के मद्देनज़र ओडिशा में अपने नेटवर्क विस्तार की घोषणा की है। हर वर्ष आयोजित होने वाली इस विश्व प्रसिद्ध धार्मिक यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आगमन से वॉयस और डेटा ट्रैफिक में होने वाली भारी बढ़ोतरी को देखते हुए कंपनी ने पहले से ही व्यापक स्तर पर नेटवर्क इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया है। इसके तहत पुरी शहर के अलावा वहां तक पहुंचने वाले सभी प्रमुख सड़क और रेल कॉरिडोर पर 5जी नेटवर्क क्षमता बढ़ाई गई है, ताकि श्रद्धालुओं को हाई-स्पीड इंटरनेट और निर्बाध वॉयस कनेक्टिविटी का अनुभव मिल सके।

कंपनी के अनुसार, पिछले 12 महीनों में पूरे ओडिशा में 1,500 से अधिक नई 5जी साइट्स स्थापित की गई हैं। इससे राज्य के सभी 30 जिलों में एयरटेल का नेटवर्क कवरेज और अधिक मजबूत हुआ है। इस विस्तार का लाभ 11 मिलियन से अधिक ग्राहकों को मिल रहा है, जो शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ उभरते कस्बों और ग्रामीण इलाकों में भी तेज और भरोसेमंद इंटरनेट सेवाओं का उपयोग कर रहे हैं।

अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग की मिलेगी सुविधा

ग्राहकों के डिजिटल अनुभव को बेहतर बनाने के उद्देश्य से एयरटेल ने ओडिशा में 399 रूपए से शुरू होने वाले फुल्ली अनलिमिटेड प्रीपेड प्लान भी पेश किए हैं। इन प्लान्स के तहत सभी स्मार्टफोन उपयोगकर्ताओं को अनलिमिटेड 4जी और 5जी डेटा के साथ अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग की सुविधा मिलेगी। कंपनी का कहना है कि इससे ग्राहक रोजाना की डेटा सीमा की चिंता किए बिना वीडियो स्ट्रीमिंग, सोशल मीडिया शेयरिंग, ऑनलाइन पढ़ाई, वर्क फ्रॉम होम और अन्य डिजिटल सेवाओं का निर्बाध लाभ उठा सकेंगे।

निर्बाध नेटवर्क उपलब्ध कराना कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता

भारती एयरटेल के मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) अभिरूप चटर्जी ने कहा कि पुरी रथ यात्रा ओडिशा का सबसे बड़ा और सबसे श्रद्धेय धार्मिक आयोजन है, जिसमें देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु शामिल होते हैं। ऐसे में निर्बाध नेटवर्क उपलब्ध कराना कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पुरी और प्रमुख यात्रा मार्गों पर नेटवर्क विस्तार का कार्य पूरा कर लिया गया है, जिससे पूरे उत्सव के दौरान ग्राहकों को मजबूत, विश्वसनीय और बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई जा सकेगी।