श्रावण मेला: SDM आकांक्षा गुप्ता ने महादेवा में दुकानदारों संग की बैठक, सुरक्षा इंतजाम दुरुस्त रखने के निर्देश

बाराबंकी। आगामी श्रावण मास में लोधेश्वर महादेवा मंदिर पर लगने वाले ऐतिहासिक मेले की तैयारियों को लेकर उपजिलाधिकारी आकांक्षा गुप्ता ने मंगलवार को महादेवा चौकी परिसर में स्थानीय दुकानदारों के साथ बैठक की। एसडीएम आकांक्षा गुप्ता ने दुकानदारों को संबोधित करते हुए कहा कि श्रावण मास में हर सोमवार को लाखों कांवड़िये व श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए आते हैं। ऐसे में साफ-सफाई व्यवस्था चाक-चौबंद रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने हर दुकान के बाहर डस्टबिन रखने और पॉलीथिन का प्रयोग न करने के निर्देश दिए।

विद्युत व अग्नि सुरक्षा के इंतजाम

उपजिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कोई भी दुकानदार कटिया या खुले तार से बिजली न ले। विद्युत विभाग से वैध अस्थायी कनेक्शन लेकर ही लाइट-पंखे चलाएं। जिन दुकानों में गैस-भट्ठी या तंदूर का प्रयोग हो रहा है, वहां फायर एक्सटिंग्विशर रखना अनिवार्य होगा। लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

दिए गए प्रमुख निर्देश

  1. खाद्य सामग्री की गुणवत्ता से समझौता न हो, बासी व दूषित सामान बेचने पर लाइसेंस निरस्त होगा।
  2. सभी दुकानों पर रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से चस्पा करें, ओवर रेटिंग बर्दाश्त नहीं होगी।
  3. मेला क्षेत्र में अतिक्रमण न करें, रास्ता बाधित होने पर सामान जब्त किया जाएगा।
  4. श्रद्धालुओं से अच्छा व्यवहार करें, किसी भी विवाद की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करें।

दुकानदारों ने दिया सहयोग का आश्वासन

बैठक में मौजूद दुकानदारों ने प्रशासन को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया। एसडीएम आकांक्षा गुप्ता ने कहा कि मेले के दौरान स्वास्थ्य, पुलिस, फायर ब्रिगेड, विद्युत व नगर पंचायत की टीमें 24 घंटे तैनात रहेंगी।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी रामनगर, थानाध्यक्ष फतेहपुर, चौकी प्रभारी महादेवा, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत, खाद्य सुरक्षा अधिकारी व विद्युत विभाग के जेई सहित बड़ी संख्या में दुकानदार उपस्थित रहे।