
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी बहुजन समाज पार्टी ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पार्टी सुप्रीमो मायावती ने राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद को प्रत्याशियों के चयन की अहम जिम्मेदारी सौंपी है। अब विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के चयन में आकाश आनंद की निर्णायक भूमिका होगी। इसके साथ ही उनकी अगुवाई में प्रदेशभर में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जहां संभावित प्रत्याशियों के नामों पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी।
पार्टी के कार्यक्रम के अनुसार आकाश आनंद के नेतृत्व में कार्यकर्ता सम्मेलनों की शुरुआत 10 अगस्त को हाथरस जिले के सादाबाद से होगी। इसके बाद विभिन्न जिलों में सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में 25 अगस्त को गौतमबुद्ध नगर के जेवर में होने वाला कार्यकर्ता सम्मेलन भी आकाश आनंद की अध्यक्षता में संपन्न होगा। माना जा रहा है कि इन सम्मेलनों के जरिए संगठन को चुनावी मोड में लाने के साथ-साथ उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया को भी अंतिम रूप दिया जाएगा।
राजधानी प्रवास के दौरान चुनावी रणनीति पर हुआ मंथन
बीते सप्ताह तीन दिवसीय राजधानी प्रवास के दौरान आकाश आनंद ने बसपा सुप्रीमो मायावती के साथ उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर विस्तृत मंथन किया था। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनंद कुमार भी मौजूद रहे। पार्टी पदाधिकारियों का मानना है कि उत्तर प्रदेश में आकाश आनंद के सक्रिय चुनावी अभियान की शुरुआत से संगठन में उनकी भूमिका और प्रभाव दोनों बढ़ेंगे।
युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की रणनीति, चंद्रशेखर आजाद को चुनौती देने की तैयारी
अब तक आकाश आनंद को उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की सक्रिय राजनीति से अपेक्षाकृत दूर रखा गया था, लेकिन नए फैसले के बाद उन्हें चुनावी रणनीति के केंद्र में लाया जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बसपा का यह कदम युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा है। साथ ही पार्टी आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद के मुकाबले एक युवा चेहरे को प्रभावी विकल्प के रूप में स्थापित करने की कोशिश भी कर रही है।