समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक का लखनऊ में निधन••••!

उत्तर प्रदेश: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का मौत की खबर सामने आई है. अबतक मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह 5 बजकर 55 मिनट प्रतीक को लखनऊ के सिविल अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया था. मौत की वजह अभीतक साफ नहीं हो सकी है. पोस्टमार्टम के बाद बिसरा रिपोर्ट सुरक्षित रख ली गई है. वहीं पुलिस में रिपोर्ट लिखा दी गई है.

प्रतीक के निधन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक व्यक्त किया है. उन्होंने एक्स पर लिखा – उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, ‘पद्म विभूषण’, स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव जी के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव जी के पति श्री प्रतीक यादव जी का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है. विनम्र श्रद्धांजलि. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं.”

वहीं अखिलेश यादव ने प्रतीक के निधन पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं. उन्होंने लिखा – श्री प्रतीक यादव का निधन हिला देने वाली ख़बर है. भगवान उन्हें शांति प्रदान करे. विनम्र श्रद्धांजलि.”

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर अपना दुख व्यक्त किया है. उन्होंने लिखा, “उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, मुलायम सिंह यादव जी के पुत्र एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव जी के पति श्री प्रतीक यादव जी के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है. शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहन संवेदनाएँ हैं.”

शिवपाल यादव सहित कई अन्य नेताओं ने भी इस मौके पर दिवंगत प्रतीक की मौत पर दुख व्यक्त  किया. आपको बता दें कि प्रतीक की पत्नी अपर्णा यादव भारतीय जनता पार्टी में शामिल हैं. वर्तमान में अपर्णा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं. परिवार के करीबी लोगों ने बताया कि प्रतीक की तबियत अचानक ख़राब हो गई थी जिसके बाद उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

दिवंगत प्रतीक यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे. मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता का निधन साल 2022 में हो गया था. प्रतीक एक जिम ट्रेनर और फिटनेस फ्रीक थे. ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स से पढ़ाई की थी। देश के सबसे बड़े राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखने वाले प्रतीक राजनीति से दूर थे। उनका रियल एस्टेट और फिटनेस का बिजनेस था! प्रतीक लखनऊ में ‘द फिटनेस प्लानेट’ नाम से एक जिम के संचालक भी थे। प्रतीक ‘जीव आश्रय’ नाम की संस्था भी चलाते थे। संस्था की तरफ से स्ट्रीट डॉग्स का इलाज, देखभाल, भोजन और रेस्क्यू किया जाता है!! उनकी मौत ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया है. हालांकि प्रतीक की मौत किन कारणों से हुई इस बात की पुष्टि फिलहाल नहीं हो पाई है.