
लखनऊ। क्वांटम म्यूचुअल फंड की एसेट मैनेजमेंट कंपनी ने लखनऊ में अपने नए कार्यालय के उद्घाटन की घोषणा की है। कंपनी का यह कदम उत्तर भारत में अपनी उपस्थिति को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कंपनी का उद्देश्य क्षेत्रीय बाजारों में निवेशकों और डिस्ट्रीब्यूटर्स के साथ सीधा जुड़ाव स्थापित कर उन्हें क्वांटम म्यूचुअल फंड की विशेषताओं और विभिन्न निवेश योजनाओं के बारे में जागरूक करना है।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ आज उत्तर भारत के प्रमुख प्रशासनिक, व्यावसायिक और वित्तीय केंद्रों में शामिल हो चुकी है। कानपुर के साथ मिलकर लखनऊ-कानपुर क्षेत्र म्यूचुअल फंड उद्योग के लिए तेजी से विकसित हो रहे ग्रोथ कॉरिडोर के रूप में उभर रहा है। लगातार बढ़ते शहरीकरण, प्रोफेशनल और कारोबारी आबादी तथा वित्तीय जागरूकता में बढ़ोतरी ने इस क्षेत्र को निवेश के लिहाज से बेहद आकर्षक बना दिया है।
व्यापारी परिवारों, उद्योगपतियों, पेशेवरों और पहली बार निवेश करने वाले रिटेल निवेशकों की बड़ी संख्या इस क्षेत्र को विविध और मजबूत निवेशक आधार प्रदान करती है। वहीं सूचना प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, विनिर्माण, रिटेल और सेवा क्षेत्रों में तेजी से हो रहा विस्तार उत्तर प्रदेश की आर्थिक तस्वीर को नई दिशा दे रहा है।
उत्तर प्रदेश बना देश का तेजी से बढ़ता आर्थिक और वित्तीय बाजार
उत्तर प्रदेश आज देश के सबसे तेजी से विकसित हो रहे आर्थिक और वित्तीय बाजारों में शामिल हो चुका है। राज्य का सकल राज्य घरेलू उत्पाद वर्ष 2016-17 में लगभग 13.3 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 2025-26 में 30 से 36 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश देश की तीन सबसे बड़ी राज्य अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गया है।
राज्य सरकार के एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के विजन के तहत गंगा एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड डिफेंस कॉरिडोर, एयरपोर्ट, लॉजिस्टिक्स पार्क और औद्योगिक क्लस्टर्स जैसी बड़ी परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। बेहतर आय स्तर, बैंकिंग पहुंच में वृद्धि और शहरीकरण के चलते राज्य में औपचारिक वित्तीय उत्पादों और निवेश विकल्पों को तेजी से अपनाया जा रहा है।
इक्विटी निवेश में बढ़ रही उत्तर प्रदेश की भागीदारी
30 अप्रैल 2026 तक उत्तर प्रदेश भारत के कुल म्यूचुअल फंड एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) में लगभग 4 प्रतिशत का योगदान दे रहा है और निवेशक संपत्तियों के मामले में राज्यों में सातवें स्थान पर पहुंच चुका है। राज्य देश के इक्विटी म्यूचुअल फंड एसेट्स में करीब 6.5 प्रतिशत हिस्सेदारी रखता है, जो रिटेल और व्यक्तिगत निवेशकों की मजबूत भागीदारी को दर्शाता है।
राज्य के कुल म्यूचुअल फंड AUM में लगभग 84 प्रतिशत हिस्सा इक्विटी आधारित निवेश का है, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर यह औसत करीब 52 प्रतिशत है। यह आंकड़े उत्तर प्रदेश में दीर्घकालिक इक्विटी निवेश के प्रति बढ़ती रुचि को स्पष्ट करते हैं।
लखनऊ बना निवेशक भागीदारी का मजबूत केंद्र
30 अप्रैल 2026 तक उत्तर प्रदेश का कुल म्यूचुअल फंड AUM 3,42,226 करोड़ रुपये को पार कर चुका है। इसमें लखनऊ, नोएडा, कानपुर, गाजियाबाद, आगरा और वाराणसी प्रमुख योगदानकर्ता शहरों में शामिल हैं। अकेले लखनऊ का औसत एसेट अंडर मैनेजमेंट (AAUM) करीब 44,240 करोड़ रुपये है, जो राज्य के कुल म्यूचुअल फंड एसेट्स का लगभग 13 प्रतिशत है। यह आंकड़े उत्तर भारत में निवेशक भागीदारी, वितरण नेटवर्क और वित्तीय सलाहकार गतिविधियों के उभरते केंद्र के रूप में लखनऊ की मजबूत होती भूमिका को दर्शाते हैं।
निवेशकों से मजबूत जुड़ाव हमारा उद्देश्य : सीमांत शुक्ला
इस अवसर पर क्वांटम एएमसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सीमांत शुक्ला ने कहा कि उत्तर प्रदेश तेजी से शहरीकरण, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और बढ़ती वित्तीय जागरूकता के चलते भारत के सबसे महत्वपूर्ण ग्रोथ मार्केट्स में से एक बन रहा है। प्रोफेशनल, उद्यमियों और निवेशकों के बढ़ते आधार के साथ लखनऊ दीर्घकालिक निवेश समाधान उपलब्ध कराने और निवेशकों के साथ गहरा जुड़ाव बनाने के लिए बड़ा अवसर प्रस्तुत करता है। इस विस्तार के माध्यम से हमारा उद्देश्य क्षेत्र में निवेशकों और साझेदारों के साथ अपने संबंधों को और मजबूत करना है।”
दीर्घकालिक निवेश दर्शन पर कायम है कंपनी
कंपनी का कहना है कि नए कार्यालय के साथ उत्तर प्रदेश और आसपास के बाजारों में उसकी जमीनी उपस्थिति और मजबूत होगी। क्वांटम एएमसी अपने अनुशासित और दीर्घकालिक निवेश दर्शन के प्रति प्रतिबद्ध बनी हुई है।
क्वांटम म्यूचुअल फंड के बारे में
वर्ष 2006 में स्थापित क्वांटम म्यूचुअल फंड पारदर्शिता, ईमानदारी और रिसर्च आधारित निवेश सिद्धांतों पर कार्य करता है। कंपनी अपने प्रायोजक Quantum Advisors की रिसर्च विरासत को आगे बढ़ाती है, जो अनुशासित और वैल्यू-ओरिएंटेड निवेश दृष्टिकोण के लिए जानी जाती है।
कंपनी का फोकस ट्रेंड्स का पीछा करने के बजाय रिसर्च आधारित रणनीति पर है, जिसका उद्देश्य निवेशकों की बचत को भविष्य की संपत्ति में बदलना है। People, Philosophy, Process और Predictable Outcomes पर आधारित कंपनी की कार्यप्रणाली निवेशकों, भागीदारों और कर्मचारियों के साथ मजबूत साझेदारी संस्कृति को बढ़ावा देती है।