भोजपुरी इंडस्ट्री के सुपरस्टार्स अब दिखाएंगे असली जिंदगी की झलक: जियोहॉटस्टार और कलर्स पर आएगा भोजपुरी बवाल

मुंबई/लखनऊ। भोजपुरी मनोरंजन जगत अब केवल क्षेत्रीय सिनेमा तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह देश की सबसे तेजी से बढ़ती और लोकप्रिय मनोरंजन इंडस्ट्रीज़ में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। भोजपुरी संगीत, फिल्मों और सुपरस्टार्स की लोकप्रियता ने न सिर्फ हिंदी पट्टी बल्कि देशभर के करोड़ों दर्शकों के बीच अपनी अलग जगह बनाई है। इसी बढ़ते प्रभाव और दर्शकों की उत्सुकता को ध्यान में रखते हुए अब भोजपुरी इंडस्ट्री के सबसे बड़े सितारे एक नए और अनोखे रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ के जरिए अपने जीवन की अब तक की सबसे करीब और अनफ़िल्टर्ड झलक दर्शकों के सामने पेश करने जा रहे हैं।

जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होने और कलर्स टीवी पर प्रसारित होने वाला यह शो पारंपरिक रियलिटी शोज़ से बिल्कुल अलग होगा। ‘भोजपुरी बवाल’ पहली बार दर्शकों को एक नए ‘फॉलो रियलिटी’ फॉर्मेट से रूबरू कराएगा, जिसमें न कोई टास्क होगा, न एलिमिनेशन और न ही बनावटी ड्रामा। इसके बजाय कैमरे भोजपुरी इंडस्ट्री के बड़े सितारों की रोजमर्रा की जिंदगी के खामोश गवाह बनेंगे और उनके असली व्यक्तित्व को सामने लाएंगे।

शो में भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह, दिनेश लाल यादव

इस शो में दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’, आम्रपाली दुबे, काजल राघवानी और तेज प्रताप यादव जैसे बड़े नाम नजर आएंगे। दर्शकों को इन सितारों की निजी जिंदगी, पेशेवर संघर्ष, पारिवारिक जिम्मेदारियों, फैन फॉलोइंग, प्रतिस्पर्धा, महत्वाकांक्षा और सुपरस्टार बनने के पीछे की मेहनत को बेहद करीब से देखने का मौका मिलेगा।

शोहरत के पीछे छिपी जिंदगी से होगा सामना

‘भोजपुरी बवाल’ केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह उन भावनात्मक और वास्तविक पहलुओं को भी सामने लाएगा, जिन्हें दर्शक अक्सर पर्दे के पीछे नहीं देख पाते। शो में सफलता, विवाद, जश्न, दबाव और संघर्ष जैसी कई परतों को वास्तविक अंदाज़ में दिखाया जाएगा। निर्माताओं का दावा है कि यह शो भोजपुरी इंडस्ट्री के सितारों के मानवीय पक्ष को राष्ट्रीय स्तर पर दर्शकों तक पहुंचाएगा।

जियोस्टार ने बताया ‘नया और बड़ा प्रयोग’

शो की घोषणा पर प्रतिक्रिया देते हुए जियोस्टार में हिंदी एवं अंग्रेज़ी मनोरंजन व्यवसाय (स्ट्रीमिंग, टीवी और स्टूडियोज़) के प्रमुख आलोक जैन ने कहा कि जियोहॉटस्टार लंबे समय से अनस्क्रिप्टेड प्रोग्रामिंग का बड़ा मंच रहा है और लगातार नए फॉर्मेट्स के साथ प्रयोग करता रहा है। उन्होंने कहा कि ‘भोजपुरी बवाल’ उसी दिशा में एक बड़ा कदम है, जो भोजपुरी इंडस्ट्री के सबसे बड़े सितारों की असली जिंदगी को दर्शकों तक पहुंचाएगा।

उन्होंने कहा कि भोजपुरी मनोरंजन हिंदी पट्टी की सबसे प्रभावशाली सांस्कृतिक ताकतों में से एक बन चुका है और यह शो उसकी भव्यता, भावनाओं और वास्तविकता को पूरे देश के दर्शकों तक पहुंचाने का काम करेगा।

जल्द शुरू होगा ‘भोजपुरी बवाल’

सेलिब्रिटी दुनिया की खास पहुंच और भावनात्मक वास्तविकता के संगम के साथ ‘भोजपुरी बवाल’ दर्शकों को एक ऐसा अनुभव देने का दावा कर रहा है, जिसमें वे अपने पसंदीदा सितारों की जिंदगी को बेहद करीब से महसूस कर सकेंगे। यह शो जल्द ही विशेष रूप से जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगा और कलर्स टीवी पर प्रसारित किया जाएगा।