
मुंबई/लखनऊ। सिनेमाई प्रतिभाओं को वैश्विक मंच प्रदान करने वाले ‘सिनेड्रीम्स इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल’ का दूसरा संस्करण मुंबई में भव्यता के साथ संपन्न हो गया। इस प्रतिष्ठित फेस्टिवल का अवॉर्ड समारोह 14 मई 2026 को पीवीआर लीडो सिनेमा के ऑडी नंबर-3 में आयोजित किया गया, जिसमें भारत सहित कई देशों से आए निर्माता, निर्देशक, लेखक, अभिनेता-अभिनेत्रियां और तकनीकी विशेषज्ञ शामिल हुए। कार्यक्रम में फिल्म और मनोरंजन जगत की कई नामचीन हस्तियों की मौजूदगी ने समारोह को और खास बना दिया।
समारोह की शुरुआत भारत की महान पार्श्व गायिका स्वर्गीय आशा भोंसले को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। सभागार में मौजूद सभी कलाकारों, अतिथियों और दर्शकों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें याद किया। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ हुआ, जिससे पूरा माहौल देशभक्ति और सम्मान की भावना से भर उठा।
एंकर श्वेता और सैकत दास ने संभाली कार्यक्रम की कमान
कार्यक्रम का संचालन एंकर श्वेता और फेस्टिवल के क्रिएटिव डायरेक्टर सैकत दास ने संयुक्त रूप से किया। दोनों ने अपने आकर्षक अंदाज में एक-एक कर विजेताओं के नामों की घोषणा की और पुरस्कार वितरण का सिलसिला शुरू हुआ। समारोह में हीराचंद डांड, रईस अहमद, अनिल दुबे, राजीव चौधरी और आर्शित चटर्जी सहित मनोरंजन जगत की कई चर्चित हस्तियां मौजूद रहीं। ऑडिटोरियम दर्शकों से खचाखच भरा रहा और कई लोग खड़े होकर भी इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बने।
अयूब खान ने किया ‘सिने बंगाल इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल’ का ऐलान
अवॉर्ड वितरण के दौरान फेस्टिवल के फाउंडर और ऑर्गनाइजर अयूब खान को दोबारा मंच पर आमंत्रित किया गया, जहां उन्होंने उपस्थित लोगों को बड़ा सरप्राइज दिया। अयूब खान ने घोषणा की कि उनकी कंपनी अब ‘सिने बंगाल इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल’ के नाम से एक और अंतरराष्ट्रीय आयोजन करने जा रही है। यह फेस्टिवल आगामी 25 और 26 नवंबर को कोलकाता के पीवीआर सिनेमा में आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि हाल ही में 14 और 15 अप्रैल को लखनऊ के सहारागंज पीवीआर सिनेमा में ‘लखनऊ इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल’ का सफल आयोजन किया गया था और अब कोलकाता में होने वाला यह आयोजन उनकी कंपनी का तीसरा बड़ा फिल्म फेस्टिवल होगा। अयूब खान ने इंडिपेंडेंट फिल्म मेकर्स और कलाकारों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी फीचर फिल्म, शॉर्ट फिल्म, डॉक्यूमेंट्री, ओटीटी फिल्म, म्यूजिक एल्बम, ऐड फिल्म और इंडिपेंडेंट सिंगिंग वीडियो इस फेस्टिवल के लिए सबमिट कर सकते हैं।
घोषणा के बाद तालियों से गूंज उठा सभागार
‘सिने बंगाल इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल’ की घोषणा के बाद पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। फिल्म जगत से जुड़े लोगों और उपस्थित मेहमानों ने अयूब खान के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि मनोरंजन उद्योग को ऐसे विजनरी लोगों की जरूरत है, जो इंडिपेंडेंट कलाकारों और तकनीशियनों के संघर्ष को समझते हों और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक बड़ा मंच उपलब्ध कराते हों।
विजेताओं ने जताई खुशी, आयोजन टीम को मिली बधाई
देर शाम तक चले इस भव्य समारोह में विजेताओं ने ट्रॉफी और सम्मान प्राप्त कर अपनी खुशी जाहिर की। कार्यक्रम के समापन के बाद कई कलाकारों और प्रतिभागियों ने मीडिया से बातचीत करते हुए फाउंडर अयूब खान, फेस्टिवल डायरेक्टर पराग चापेकर और उनकी पूरी टीम को निष्पक्ष और शानदार आयोजन के लिए बधाई दी।