लू की छुट्टी: भीषण गर्मी के आगे झुके स्कूल, लखनऊ में समय से पहले ग्रीष्मावकाश


लखनऊ में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी लखनऊ द्वारा जारी आदेश के अनुसार जनपद में संचालित सभी शैक्षणिक बोर्डों के विद्यालयों में 22 मई 2026 से ग्रीष्मावकाश घोषित कर दिया गया है।
छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए लिया गया फैसला
जारी आदेश में कहा गया है कि मौसम विभाग की चेतावनी और छात्रों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। प्रशासन के मुताबिक कई विद्यालयों में अभी तक ग्रीष्मावकाश घोषित नहीं किया गया था, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बनी हुई थी।


अधिकारियों को सख्ती से पालन कराने के निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधन को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश की प्रति जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS), जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) और सूचना विभाग को भी भेज दी गई है।
अभिभावकों और छात्रों को मिली राहत
प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी और लू का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसे में प्रशासन का यह फैसला अभिभावकों और छात्रों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है।