राजधानी में बादलों का डेरा, तपिश से बेहाल लखनऊ को राहत के संकेत

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में भीषण गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है, लेकिन अब राहत के संकेत मिलने लगे हैं। देर रात बूंदाबांदी और अगले 24 घंटे में हल्की बारिश की संभावना जताई जा रही है, जिससे तपती गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। दिन में लू के थपेड़ों ने लोगों का घर से निकलना मुश्किल कर दिया है, वहीं मौसम में बदलाव के संकेत उम्मीद जगा रहे हैं।
उत्तर प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी का कहर जारी है। बांदा देश का सबसे गर्म शहर बना हुआ है, जहां तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो लगातार दूसरा दिन है। वहीं प्रयागराज में पारा 45.7 डिग्री तक पहुंच गया है। राजधानी लखनऊ में भी तापमान 41 डिग्री के पार बना हुआ है, जिससे जनजीवन प्रभावित है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के करीब 40 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। बांदा, चित्रकूट, कौशांबी और प्रयागराज में हीट अलर्ट घोषित किया गया है। इसके अलावा लखनऊ, बाराबंकी और वाराणसी में भी लू चलने की चेतावनी दी गई है। फिरोजाबाद, मैनपुरी समेत कई जिलों में भीषण गर्मी को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
हालांकि मौसम विभाग के अनुसार दिन में जहां लू का प्रकोप जारी रहेगा, वहीं रात में हल्की बूंदाबांदी के आसार बन रहे हैं। ऐसे में गर्मी के बीच बारिश की उम्मीद लोगों के लिए राहत भरी खबर लेकर आई है।