
लखनऊ, में आगामी 9 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए गुरुवार को पीआरवी वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ की ओर से न्यायालय परिसर में आयोजित किया गया।
जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष मलखान सिंह ने सुबह 10 बजे न्यायालय परिसर से पीआरवी वाहन को रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्देश्य आम लोगों को सुलभ, त्वरित और कम खर्च में न्याय उपलब्ध कराना है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाने की अपील भी की।

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली तथा उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार 9 मई 2026 को जनपद न्यायालय, कलेक्ट्रेट तथा जनपद की सभी तहसीलों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसमें दीवानी, पारिवारिक, बैंक ऋण, मोटर दुर्घटना, श्रम, राजस्व तथा अन्य समझौता योग्य मामलों का निस्तारण आपसी सहमति के आधार पर किया जाएगा।
प्रचार-प्रसार के लिए रवाना किया गया पीआरवी वाहन लखनऊ की समस्त तहसीलों, ब्लॉकों और दूरदराज के ग्रामीण इलाकों में जाकर लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी देगा। वाहन के माध्यम से लोगों को यह बताया जाएगा कि लोक अदालत में मामलों का निस्तारण सरल प्रक्रिया के तहत कम समय में किया जाता है और इसमें किसी पक्ष को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से बताया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत न्याय व्यवस्था को सरल और जनसुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से वर्षों से लंबित मामलों का निपटारा तेजी से किया जाता है, जिससे न्यायालयों में लंबित मुकदमों का बोझ भी कम होता है।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी एवं अपर जिला जज प्रकाश तिवारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव कुँवर मित्रेश सिंह कुशवाहा, पुलिस उपायुक्त एवं नोडल अधिकारी किरन यादव सहित न्यायिक अधिकारी, कर्मचारी, पराविधिक स्वयंसेवक, पैनल अधिवक्ता और डिफेंस काउंसिल के सदस्य उपस्थित रहे।