‘नया जोश, नई जिम्मेदारी’… रोहित मिश्रा के स्वागत में उमड़ा युवा सैलाब, 2027 की तैयारी का दिया संदेश

लखनऊ। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा ने रविवार को लखनऊ स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर राजधानी में शक्ति प्रदर्शन के रूप में भव्य रोड शो निकाला गया। 1090 चौराहे से शुरू हुआ यह रोड शो भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक पहुंचा, जिसमें हजारों की संख्या में युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। पूरे रास्ते कार्यकर्ताओं ने भाजपा के झंडे लहराए, ढोल-नगाड़ों की धुन पर नृत्य किया और “27 में यही युवा सरकार बनाएंगे”, “नया युवा, नया जोश, नया अध्यक्ष” जैसे नारों से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।


रोड शो में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी शामिल रहे। जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर रोहित मिश्रा का स्वागत किया। प्रदेश मुख्यालय पहुंचने पर उनका भव्य अभिनंदन किया गया। यात्रा के दौरान एक कार्यकर्ता ने उन्हें पारंपरिक फरसा भेंट किया, जिसने पूरे कार्यक्रम का विशेष आकर्षण हासिल किया। बड़ी संख्या में मौजूद युवाओं का उत्साह इस बात का संकेत दे रहा था कि संगठन युवा शक्ति को आगामी चुनावों में बड़ी भूमिका देने की तैयारी कर रहा है।
प्रदेश कार्यालय पहुंचने के बाद रोहित मिश्रा ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अपनी नई जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह पद उनके लिए सम्मान के साथ-साथ संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा, “यह आप सभी का प्रेम है, मैं जीवनभर इसका आभारी रहूंगा। ये केवल कार्यकर्ता नहीं, मेरे भाई हैं। कार्यकर्ताओं का स्नेह ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी है। भाजपा में अध्यक्ष कोई भी बने, लेकिन कार्यकर्ता हमेशा संगठन के साथ मजबूती से खड़े रहते हैं।”
रोहित मिश्रा ने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा का सबसे बड़ा लक्ष्य संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हर बूथ पर सक्रिय युवा कार्यकर्ताओं की टीम तैयार की जाएगी, जो सरकार की उपलब्धियों और संगठन की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का काम करेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सुशासन की झलक आज पूरे उत्तर प्रदेश में दिखाई दे रही है। युवा मोर्चा इन उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अभियान चलाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति विकास, सुशासन और राष्ट्रहित पर आधारित है, जबकि विपक्ष केवल नकारात्मक राजनीति और भ्रम फैलाने का काम करता है।
रोहित मिश्रा ने युवाओं के रोजगार, स्वरोजगार, स्टार्टअप, कौशल विकास और सामाजिक नेतृत्व को भारतीय जनता युवा मोर्चा की प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए कहा कि संगठन युवाओं को केवल राजनीति से नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रदेशभर में युवाओं को जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे।
अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा, “परीक्षा का इंतजार करिए, परिणाम युवा शानदार देंगे।” उनके इस बयान पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार तालियों और नारों के साथ समर्थन जताया। लखनऊ में आयोजित यह कार्यक्रम भाजपा युवा मोर्चा के नए नेतृत्व के स्वागत के साथ-साथ वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए संगठन की सक्रिय तैयारियों का बड़ा संदेश भी माना जा रहा है।