बिना रंग और ब्रश के पेंटिंग बनाना सीखेंगे संस्कार भारती की कार्यशाला में


मथुरा। संस्कार भारती मथुरा महानगर की कार्यकारिणी की बैठक रविवार को होटल हीराकुंज रेजीडेंसी में आयोजित की गई। बैठक में पुरुषोत्तम मास एवं आगामी महीनों में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 22 से 28 मई तक “बिना रंग और ब्रश की पेंटिंग” विषय पर विशेष कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इस कार्यशाला में केवल रंग-बिरंगे कागज के टुकड़ों के माध्यम से कलाकृति तैयार करने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस अनूठी कला का प्रशिक्षण अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त चित्रकार Dr. Uma Sharma द्वारा ऑनलाइन माध्यम से दिया जाएगा। कार्यशाला के समापन पर तीन उत्कृष्ट प्रतिभागियों को उपहार देकर सम्मानित किया जाएगा।
इसके अलावा 17 मई से 15 जून तक नृत्य, गायन और कहानी लेखन जैसी विभिन्न ऑनलाइन प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 20 जून को एक दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने की भी घोषणा की गई। वहीं 10 अगस्त को नटराज पूजन, कला गुरु सम्मान और वार्षिक अधिवेशन का आयोजन होगा।
बैठक के दौरान कोषाध्यक्ष श्रीकृष्ण गोपाल सिंघल ने वित्त वर्ष 2025-26 का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया, जबकि महामंत्री भारत भूषण सिंघल ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर ब्रजकिशोर त्रिपाठी को सम्मानित भी किया गया।
बैठक की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष अनूप माहेश्वरी ने की। धन्यवाद ज्ञापन कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती रेखा माहेश्वरी ने किया, जबकि संचालन चारू सिंघल द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. उमा शर्मा, मनीष शोरावाले, सुभाष अग्रवाल एडवोकेट, दिनेश चंद, रमन लाल गुप्ता, कल्पना सारस्वत, डॉ. विनीता गुप्ता, डॉ. के.एल. अग्रवाल, अनिल सोनी, मयूर कौशिक, पूजा माहेश्वरी, रेनू शर्मा सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।