एसडीएम नासिर ने की मानवता की मिसाल पेश, घायल महिला को किया अस्पताल में भर्ती

कासगंज । इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए कासगंज के एसडीएम मोहम्मद नासिर ने पीपल के पेड़ की डाल गिरने से घायल महिला क़ो समय रहते मदद कर उसे अपनी सरकारी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया। उनकी इस संवेदनशील पहल की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।
जानकारी के अनुसार एटा रोड स्थित बढ़ारी वैश्य के समीप पीपल के पेड़ की डाल गिरने से बाइक सवार दम्पत्ति महिला घायल हो गयी, घायल महिला कुमकुम यादव, पत्नी आकाश यादव, जनपद अलीगढ़ के ग्राम नौगांव, गंगीरी की निवासी हैं। हादसे के बाद महिला के पति ने मौके से गुजर रहे एसडीएम मोहम्मद नासिर के काफिले को रुकवाकर मदद की गुहार लगाई।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम मोहम्मद नासिर ने बिना देर किए घायल महिला को अपनी गाड़ी में बैठाकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार शुरू कराया गया।
महिला के परिजनों ने एसडीएम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि समय पर मदद नहीं मिलती, तो उपचार में देरी हो सकती थी। उन्होंने कहा, “अगर एसडीएम साहब मदद नहीं करते, तो समय पर इलाज संभव नहीं हो पाता। एसडीएम मोहम्मद नासिर के इस मानवीय और संवेदनशील कार्य की हर ओर प्रशंसा हो रही है। स्थानीय लोगों ने भी उनके इस कदम को एक जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी की मिसाल बताया।