रिओर्ट-पंकज चतुर्वेदी

रामनगर, बाराबंकी। भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है, जो जाति, बिरादरी और मजहब से अलग हटकर समाज के सभी वर्गों के लोगों के विकास और हितों के लिए काम करती है। यह बात पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी ने गणेशपुर स्थित होटल नीलकंठ में पत्रकारों से रूबरू होते हुए कही।
श्री अवस्थी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल निर्देशन में देश और प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। विधानसभा क्षेत्र रामनगर में विकास के तमाम कार्य कराए जा चुके हैं, जबकि कई कार्य प्रगति पर हैं। बड़ी संख्या में विकास कार्यों को स्वीकृति मिल चुकी है, जिन्हें शीघ्र शुरू कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से विधानसभा क्षेत्र के सुप्रसिद्ध लोधेश्वर महादेवा में करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से काशी कॉरिडोर की तर्ज पर कॉरिडोर निर्माण का कार्य तेजी से कराया जा रहा है।
पूर्व विधायक ने वर्ष 2017 से अब तक कराए गए प्रमुख विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि 14.55 करोड़ रुपये की लागत से सालपुर-मसूरिया पुल, ग्राम अशोकपुर में 11 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय आईटीआई कॉलेज, 10.26 करोड़ रुपये की लागत से साधारणपुर में फायर स्टेशन, 5.88 करोड़ रुपये की लागत से कल्याणी नदी पर पुल तथा नामीपुर सिरौली नाले पर दो करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण कराया गया है।
इसके अलावा मरकामऊ में 63 करोड़ रुपये की लागत से 132 केवीए सब स्टेशन, छपटी फार्म में 80 लाख रुपये की लागत से किसान सेवा केंद्र, पारिजात धाम में 1.43 करोड़ रुपये की लागत से कॉमन सर्विस सेंटर, 26 करोड़ रुपये की लागत से रानी बाजार से भयारा मार्ग के चौड़ीकरण तथा तिलोकपुर में 88 करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण कराया जा चुका है। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत विधानसभा क्षेत्र के कई प्रमुख मार्गों का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए बुढ़वल चीनी मिल, बृहद गौशाला, राष्ट्रीय पशु चिकित्सा केंद्र महादेवा, तहसील स्तरीय खेलकूद मैदान, हेतमापुर में घाघरा नदी पर पुल, कोटवा धाम से महादेवा होते हुए सूरतगंज तक फोरलेन सड़क, राजकीय डिग्री कॉलेज, कंपोजिट विद्यालय तथा सूरतगंज में कस्तूरबा गांधी विद्यालय जैसे कई प्रमुख कार्य प्रस्तावित हैं। स्वीकृति मिलने के बाद इन कार्यों को भी शीघ्र शुरू कराया जाएगा।
पूर्व विधायक शरद अवस्थी ने कहा कि वर्तमान में क्षेत्र में भाजपा का सांसद और विधायक न होने के कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। जनता को इस बात को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव हारने के बाद भी वह लगातार जनता के सुख-दुख में साथ रहे हैं और आगे भी क्षेत्र की जनता के लिए समर्पित रहेंगे।
इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष रामनगर विनय कुमार मिश्रा, मंडल अध्यक्ष सूरतगंज सुशील कुमार वर्मा, भाजपा नेता एवं बीडीसी प्रवेश शुक्ला, नानमून, भाजपा नेता राजेश अवस्थी, युवा नेता सौरभ अवस्थी, मोहित अवस्थी, रवि शर्मा, दीपक मिश्रा, रवि मिश्रा आदि मौजूद रहे।