लखनऊ में समर प्रदर्शनी का शुभारंभ, पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप ने सराहा स्थानीय कारीगरों का प्रयास


लखनऊ। राजधानी के गोमती नगर स्थित Hyatt Regency Lucknow में सामाजिक संस्था ‘ताशाया’ द्वारा आयोजित समर प्रदर्शनी का शनिवार को शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप ने फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए विभिन्न राज्यों और जनपदों से आए व्यापारियों एवं कारीगरों से मुलाकात की।
पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप ने कहा कि ऐसे आयोजन देश के विभिन्न हिस्सों के उत्पादकों और स्थानीय कारीगरों को एक साझा मंच उपलब्ध कराते हैं। इससे न केवल छोटे उद्यमियों को नया बाजार मिलता है, बल्कि उनके उत्पादों को पहचान और प्रोत्साहन भी मिलता है। उन्होंने कहा कि स्थानीय कला, हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों को बढ़ावा देने में इस तरह की प्रदर्शनियां महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
प्रदर्शनी के दौरान उन्होंने विभिन्न स्टॉलों पर पहुंचकर उत्पादों की निर्माण तकनीक, गुणवत्ता और विशेषताओं की जानकारी ली। उन्होंने व्यापारियों और कारीगरों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि देशभर की विविधता को एक मंच पर लाने का यह प्रयास सराहनीय है।
कार्यक्रम में संस्था ‘ताशाया’ के प्रबंधक अनन्या सिंह एवं शशांक शेखर सिंह की ओर से आयोजित प्रदर्शनी को लेकर विशेष तैयारियां की गई थीं। पूर्व मंत्री ने संस्था के पदाधिकारियों का उत्साहवर्धन करते हुए सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
समर प्रदर्शनी में देश और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए उद्यमियों द्वारा कपड़े, हस्तशिल्प, सजावटी वस्तुएं, पारंपरिक उत्पाद और घरेलू उपयोग की कई वस्तुओं का प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में लोग खरीदारी और उत्पादों की जानकारी लेने पहुंचे।